यूपी 2047 में कैसा होना चाहिए? विकास कैसे हो? कैसे आत्मनिर्भर बने? इसके लिए योगी सरकार आज 2047 का विजन डॉक्यूमेंट पेश कर रही है। इस पर 24 घंटे लगातार चर्चा होगी। यानी आज रात में भी सदन चलेगा। सपा के निष्कासित विधायक राकेश प्रताप सिंह ने सदन में आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने अधिष्ठाता पीठ को धमकाया है कि यदि बोलने का मौका नहीं दिया तो बवाल करेंगे। यह पीठ का अपमान है। उन्होंने कहा, धमकी मत दो, धमकी का जवाब धमकी से दिया जाएगा। सपा विधायक डॉक्टर रागिनी सोनकर ने कहा, देश में 80 फीसदी हिंदू हैं तो खतरे में कैसे हैं। हम बच्चों को ये सिखा पाएं कि श्रीराम भी आ जाएं और देश के खिलाफ बोलें तो उनकी खिलाफत करना। यही कारण है कि जापान विकसित देश है और हम कहां खड़े हैं। इस पर मंत्री मयंकेश्वर सिंह ने कहा, सपा वाले सनातन के विरोधी हैं। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा, मंत्री जी गलत व्याख्या कर रहे हैं। विधान परिषद में मंत्री एके शर्मा ने अपना विजन रखा। इस दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सोते नजर आए। इस पर अखिलेश ने X पर लिखा- सोती सरकार के सोते मंत्री। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा, 50 जिला सहकारी बैंकों में 49 प्रॉफिट में है। एक जिला सहकारी बैंक इटावा की है, वो घाटे में है। वहां चच्चा (शिवपाल सिंह यादव) के अपने ही लोगों ने गच्चा दे दिया। वहां 102 करोड़ का गबन हुआ, इस कारण वो घाटे में है। इससे पहले शिवपाल यादव ने महाना से पूछा- रात में कौन जागता है? पीछे से आवाज आई- चोर। शिवपाल ने मुस्कुराते हुए कहा-भाजपा वाले वही हैं। ये रात में जागते हैं। सपा विधायक रविदास मल्होत्रा ने कहा, ऐसा सपना दिखाया जा रहा है कि यूपी स्वर्ग बन जाएगा। हम सब बन जाएंगे स्वर्गवासी। सरकार जनता को धोखा व गुमराह करने के लिए ऐसा कह रही है। इस सरकार को मालूम है कि 2027 में सपा की सरकार बनने जा रही है। संजय निषाद के बयान पर नारेबाजी मंत्री एके शर्मा और सपा विधायक में तीखी बहस इससे पहले, माता प्रसाद ने कहा कि भाजपा पहले 2017 और 2022 के संकल्प पत्र का हिसाब दे। पलटवार करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा-सपा वाले हमारे संकल्प पत्र का हिसाब मांग रहे हैं। प्रदेश की 25 करोड़ जनता ने मुहर लगाई। इनका काम सिर्फ अराजकता फैलाना है। माता प्रसाद ने फिर कहा, विजन डॉक्यूमेंट पर जो 24 घंटे चर्चा का समय दिया गया। वो कम है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भड़क गए। कहा कि जिस समय कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई थी, तब आपने ही कहा था कि 72 घंटे कौन जागेगा। 24 घंटे होना चाहिए। अब जब 24 घंटे किया गया तो आप कह रहे हैं कि 72 घंटे होना चाहिए। इधर, विधानपरिषद में भी सभापति मानवेंद्र प्रताप सिंह और लाल बिहारी यादव में तीखी बहस हुई। भाजपा MLC उमेश द्विवेदी ने कहा- आप किस नियम के तहत बोल रहे हैं? जवाब में लाल बिहारी ने कहा- हमने इनको पैदा किया और ये हमें राजनीति सिखा रहे हैं। बुधवार को ठीक 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। 2047 विजन डॉक्यूमेंट पर दोनों सदनों में बिना रुके लगातार 24 घंटे चर्चा होगी। सीएम योगी ने कहा कि सरकार सदन में 25 साल की कार्ययोजना रखेगी। इसमें हर विभाग बताएंगे कि 2047 में वे कहां नजर आएंगे? सपा ने विजन डॉक्यूमेंट पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। शिवपाल यादव ने X पर लिखा- भाजपा 2047 का काल्पनिक विजन लेकर आ रही है। अरे भाई, आज की भूख का हल नहीं, और कल के सपनों का सौदागर बनकर घूम रहे हैं। सपना मत बेचिए, सच्चाई का हिसाब दीजिए। विधानसभा और विधानमंडल से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…