यूपी में 3 दिन से बारिश का दौर लगातार जारी है। माैसम विभाग ने बुध्वार को 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में 27 अगस्त से विभिन्न इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश के संकेत हैं। कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। मंगलवार को 20 से ज्यादा शहरों में तेज बारिश सुबह हुई। लगातार बारिश से प्रदेश के 22 जिलों में बाढ़ आ गई है। प्रयागराज और वाराणसी में एक बार फिर गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। वाराणसी में 84 घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। प्रयागराज में गंगा और यमुना पिछले दो महीने में चौथी बार उफान पर हैं। यहां 62 मोहल्ले और 255 गांवों की तीन लाख से ज्यादा की आबादी पर फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बीते 48 घंटे में गंगा का दो मीटर तो यमुना तीन मीटर जलस्तर बढ़ गया है। मंगलवार सुबह गंगा का जलस्तर 80.82 मीटर तो यमुना का जलस्तर 82.85 मीटर रिकॉर्ड किया गया। इससे करीब 12 मुहल्लों में पानी घुस गया है। 450 से अधिक घर डूब चुके हैं। उन्नाव में गंगा का कटान रोकने के लिए धन्नापुरवा में बोरियों में बालू भरकर अस्थायी बांध के 27 कटर बनाए गए। लेकिन, पूरा बंधा बह गया। इसे बनाने में 14 करोड़ की लागत आई थी। मथुरा में यमुना नदी उफान पर है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 63 जिलों में 12.7 मिमी बारिश हुई। यह औसत से 63% ज्यादा बारिश है। 1 जून से अब तक यानी मानसून सीजन की बात करें तो प्रदेश में अनुमान के बराबर 556 मिमी बारिश हुई।