प्रयागराज में 450 घर डूबे, चौथी बार पलायन शुरू:उन्नाव में 14 करोड़ से बना बंधा गंगा में बहा; लखनऊ समेत 20 शहरों में बारिश

यूपी में 3 दिन से बारिश का दौर लगातार जारी है। लखनऊ में सुबह तेज बारिश हुई। दिन में अंधेरा छा गया। राजधानी में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। इसके अलावा, सीतापुर, हाथरस, फतेहपुर समेत 20 से ज्यादा शहरों में तेज बारिश सुबह हुई। लगातार बारिश से प्रदेश के 22 जिलों में बाढ़ आ गई है। प्रयागराज और वाराणसी में एक बार फिर गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। प्रयागराज में गंगा और यमुना पिछले दो महीने में चौथी बार उफान पर हैं। यहां 62 मोहल्ले और 255 गांवों की तीन लाख से ज्यादा की आबादी पर फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बीते 48 घंटे में गंगा का दो मीटर तो यमुना तीन मीटर जलस्तर बढ़ गया है। मंगलवार सुबह गंगा का जलस्तर 80.82 मीटर तो यमुना का जलस्तर 82.85 मीटर रिकॉर्ड किया गया। इससे करीब 12 मुहल्लों में पानी घुस गया है। 450 से अधिक घर डूब चुके हैं। उन्नाव में गंगा का कटान रोकने के लिए धन्नापुरवा में बोरियों में बालू भरकर अस्थायी बांध के 27 कटर बनाए गए। लेकिन, पूरा बंधा बह गया। इसे बनाने में 14 करोड़ की लागत आई थी। किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। वहीं मथुरा में यमुना नदी उफान पर है। सोमवार को एक बच्चा नदी में डूब गया और आसपास के लोग वीडियो बनाते रहे। वहीं मंगलवार सुबह 7 बजे से पुलिस और गोताखोरों की टीम 7 किलोमीटर के एरिया में सर्च अभियान चलाकर बच्चे की तलाश कर रही है। मौसम विभाग ने आज 40 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 63 जिलों में 12.7 मिमी बारिश हुई। यह औसत से 63% ज्यादा बारिश है। 1 जून से अब तक यानी मानसून सीजन की बात करें तो प्रदेश में अनुमान के बराबर 556 मिमी बारिश हुई। दो बच्चे नाले में बहे, बचाने आए युवक की मौत
सोमवार को जौनपुर में बड़ा हादसा हो गया। मछलीशहर पड़ाव के पास दो बच्चे करंट की चपेट में आ गए। झटका लगने से दोनों नाले में गिरे और बह गए। दोनों को बचाने के लिए एक व्यक्ति आगे आया। वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को फतेहपुर के बिंदकी में कच्चा मकान ढह गया। इसमें दबकर मां-बेटे और बहू की मौत हो गई। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अब तक प्रदेश में 8 बांधों के गेट खोले जा चुके हैं। मिर्जापुर में अहरौरा बांध ओवरफ्लो हो गया है। इसके चलते 9 साल बाद 22 गेट खोलने पड़े। इससे 20 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। सोनभद्र में धंधरौल बांध का जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद बांध के 22 फाटक खोल दिए गए हैं। चंदौली के मूसाखंड और लतीफ शाह बांध भी लबालब भर गए हैं। दोनों बांधों के गेट खोल दिए गए हैं। ललितपुर में माताटीला, राजघाट, भौंरट, जैमिनी और गोविंद सागर बांध भी ओवरफ्लो हो गए हैं। आज कहां होगी बारिश, जानिए
24 घंटे में 16% कम बारिश
मंगलवार को पिछले 24 घंटे में 6.8 मिमी बारिश हुई, ये मौसम विभाग के औसत अनुमान 8.1 मिमी से 16% कम है। अब तक की बात करें तो प्रदेश में 562.8 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने इतनी ही बारिश का अब तक अनुमान जताया था। ऐसे में प्रदेश में अब तक कोटे के बराबर बारिश हो चुकी है।
UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….