भाजपा सरकार में हो रहा पीडीए का अपमान:अखिलेश बोले, जनता बदलाव के लिए तैयार, प्रदेश में 27 में बनेगी सपा की सरकार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि देश में सत्ता परिवर्तन का एकमात्र रास्ता लोकतांत्रिक तरीके से वोट की ताकत है। गैरबराबरी, महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता के त्रस्त होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण को खत्म करने की साजिशें रची जा रही हैं। अखिलेश यादव शनिवार को लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र और संविधान को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर हैं, और हर वर्ग परेशान है। खासकर पीडीए के साथ लगातार अपमान और उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद पर हमला कर रही है, जो संविधान की मूल प्रस्तावना का हिस्सा है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के इंजन सिकयार्ड में खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार का कोई विजन नहीं है और जनहित के कार्यों का विरोध किया जा रहा है। गरीबी-अमीरी की खाई बढ़ने से जनता में भाजपा के खिलाफ गुस्सा है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव के रास्ते पर चलते हुए धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और संविधान के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने पीडीए को सामाजिक-राजनीतिक विकल्प बताते हुए कहा कि यह गठजोड़ एकजुट हो रहा है। साथ ही, उन्होंने जातीय जनगणना की वकालत करते हुए कहा कि इससे समानुपातिक आधार पर सबको हक और सम्मान मिलेगा। अखिलेश ने जोर देकर कहा कि भाजपा को वोट की ताकत से शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से सत्ता से हटाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हटेगी तभी संविधान बचेगा, आरक्षण बचेगा, गैरबराबरी मिटेगी और सामाजिक न्याय का राज स्थापित होगा। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव के लिए बेकरार है और अब और इंतजार के मूड में नहीं है। जनता विकास विरोधी और भ्रष्ट भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए तैयार है।