मुजफ्फरनगर में कोबरा से खेलने में युवक की मौत:गले में डालकर वीडियो बना रहा था; दो बार डसा, ढाई घंटे में जान गई

मुजफ्फरनगर में कोबरा के साथ वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ा। युवक ने पड़ोसी के घर में निकले कोबरा का रेस्क्यू किया। फिर उसे गले में डालकर वीडियो बनवाने लगा। युवक कोबरा को वह बार-बार हवा में झुला रहा था। तभी कोबरा ने उसके गले और हाथ में डस लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवक नशे में था, इसलिए उसे सांप के काटने का आभास तक नहीं हुआ। सांप को बोरी में भरकर युवक अपने घर चला गया। करीब ढाई घंटे बाद जब हालत बिगड़ गई तो परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। वहीं, वन विभाग की टीम ने सांप को अपनी सुपुर्दगी में लेकर उसे जंगल में छोड़ा है। घटना भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव की है। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला पढ़िए… बिना सेफ्टी सांप पकड़ने पहुंचा युवक
मोरना गांव निवासी मंगल के घर में शनिवार शाम करीब 7 बजे सांप निकल आया था। मंगल ने सांप को पकड़ने के लिए पड़ोस में रहने वाले टिंकू उर्फ भुसुंडी (24) को बुलाया। शाम करीब 7:30 बजे टिंकू मौके पर पहुंचा। करीब आधे घंटे की जद्दोजहद के बाद उसने बिना किसी स्नेक कैचर या सेफ्टी के अपने हाथों से सांप को पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद पता चला कि यह ‘इंडियन स्पैक्टेकल कोबरा’ प्रजाति का सांप था। मंगल और उसके परिवार के लोग सांप का वीडियो बनाने लगे। वीडियो बनता देख टिंकू सांप को बोरी में डालने की बजाय उसके साथ खेलने लगा। वह सांप को बार-बार अपने गले में डालता, तो कभी हवा में झुलाता। 15 मिनट तक सांप के साथ करतबबाजी दिखाता रहा। गले में रखने के दौरान ही कोबरा ने एक बार उसे डस लिया, पर टिंकू को पता तक नहीं चला। इसके बाद रात करीब 8:20 बजे जब वह सांप को बोरी में भरने लगा तो उसने टिंकू के हाथ पर काट लिया। टिंकू ने सांप को झटक कर जमीन पर फेंक दिया। दो बार अपना हाथ झटका और फिर से सांप को उठा लिया। बोरी में भरने के बाद सांप को उसने घर से दूर छोड़ दिया। इसके बाद रात में 9 बजे अपने घर वापस चला गया। शरीर नीला पड़ने पर परिजनों को हुई जानकारी
घर पहुंचने के बाद भी टिंकू को सांप के काटने का आभास नहीं था। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। रात करीब 11 बजे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पूरा शरीर नीला पड़ गया था। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मंगल घर पहुंचा, तब उसने सांस के काटने की बात बताई। परिजन उसे मोरना स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी बोले- नशे में धुत था, प्रोफेशनल नहीं था
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- कोबरा ने टिंकू को दो बार डसा। पर वह नशे में इस कदर धुत था कि उसे आभास तक नहीं हुआ। वह प्रोफेशनल स्नेक कैचर नहीं था। पहले मोहल्ले में 2-3 बार सांप पकड़े थे, इसीलिए उसको बुलाया गया था। भोपा थाना प्रभारी ओपी सिंह ने कहा- मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पिता बोले- मैंने जाने से मना किया था
टिंकू के पिता शादीराम ने बताया- मेरा बेटा मजदूरी करता था। शनिवार शाम मजदूरी करके लौटा था। तभी पड़ोस में सांप निकलने की बात उसे पता चली। मैंने उसे जाने से रोका था, फिर भी वह सांप पकड़ने चला गया। डॉक्टर बोले- कोबरा बाइट में तुरंत एंटी वेनम जरूरी
डॉक्टरों का कहना है- आम तौर पर कोबरा के बाइट करने से 2-3 घंटे में व्यक्ति की मौत हो जाती है। पर अधिकांश मामलों में सर्पदंश का पता चलने पर युवक इतना भयभीत हो जाता है कि सदमे से दम तोड़ देता है। युवक को सांप के काटने का पता ही नहीं चल पाया, इसलिए वह 5-6 घंटे तक जिंदा रहा। कोबरा के काटने के 30 मिनट के अंदर अगर एंटी वेनम दे दिया जाए तो व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। वरना जहर तेजी से फैलता है और युवक की जान बचाना मुश्किल हो जाता है। ———————– ये खबर भी पढ़ें… विधायक VIDEO बनाने लगे तो दहाड़ी बाघिन:डरकर लोग पीछे हटे; सीतापुर में युवक को खाने वाली बाघिन पकड़ी गई सीतापुर में 22 साल के युवक को खाने वाली आदमखोर बाघिन पकड़ी गई है। शनिवार रात 12 बजे बाघिन को घेरकर वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज किया। 50 लोगों की टीम एक महीने से इसकी तलाश में थी, लेकिन हर बार बाघिन टीम को चकमा देकर निकल जाती थी। शनिवार देर रात भी वन विभाग ने पिंजरे में पशु को बांधकर रखा, ताकि पिंजरे में जाते ही फंस जाए। हालांकि, बाघिन आई और पिंजरे के अंदर बंधे पशु पर हमला करके उसे खा गई। पिंजरे का गेट बंद नहीं हो पाया। बाघिन आराम से पिंजरे से निकल गई। पूरी खबर पढ़िए…