रामगोपाल का विंग कमांडर व्योमिका पर विवादित बयान:अफसरों की भी जाति गिनाई, MP के मंत्री सौफिया कुरैशी पर कर चुके हैं कमेंट

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर चर्चा में आईं विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। सपा सांसद राम गोपाल यादव ने मुरादाबाद में वायु सेना की कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इस दौरान सपा सांसद ने अन्य सेना के अधिकारियों की भी जातियां गिना दीं। मुरादाबाद के बिलारी में सपा के कार्यक्रम में प्रोफेसर रामगोपाल यादव बोल रहे थे। राम गोपाल यूपी के पूर्व CM अखिलेश यादव के चाचा हैं। बता दें कि वायु सेना की कमांडर व्योमिका सिंह ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने के लिए सुर्खियों में आई थीं। विंग कमांडर को व्योमिका सिंह को दिव्या कहकर किया संबोधित
सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने मंच से लोगो को संबोधित करते हुए पहले तो व्योमिका सिंह को दिव्या सिंह कहकर सम्बोधित किया। इसके बाद में मंच पर बैठे सपा सांसद आदित्य यादव के टोकने पर व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी की. इससे पहले मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनके इस बयान पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने एफआईआर के निर्देश दिए थे। वहीं एमपी हाईकोर्ट ने मंत्री के विवादित बयान पर FIR की भाषा पर आपत्ति जताई है। हाईकोर्ट की डबल बेंच ने गुरुवार को मंत्री विजय शाह के खिलाफ FIR को सिर्फ खानापूर्ति बताया है। मंत्री विजय शाह को सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार
मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की ओर से कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त लहजे में कहा कि आप संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति हैं। जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए। बता दें कि मंत्री विजय शाह ने एमपी हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। सर्वोच्च न्यायालय ने मंत्री विजय शाह की याचिका स्वीकार कर ली है।