अंबेडकरनगर में BJP सांसद के पैरों पर गिरीं महिला जिलाध्यक्ष:फूट-फूटकर रोईं, कहा- भइया हमें न्याय दिला दो, मेरे साथ गलत हो रहा

अंबेडकरनगर में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रिंकल सिंह राज्यसभा सांसद बृजलाल के सामने फूट–फूटकर रो पड़ीं। हाथ जोड़कर कहने लगीं– भइया हमें न्याय दिला दो, हमारे साथ नाइंसाफी हुई है। कार्यकर्ता महिला जिलाध्यक्ष संभालते हुए नजर आए। पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें उठाया। कार्रवाई का आश्वासन दिया। तीन दिन पहले दबंगों ने रिंकल सिंह के साथ मारपीट की थी। घर में घुसकर धमकाया था। पुलिस ने केस दर्ज किया है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे आहत होकर उन्होंने धरना भी दिया। देखिए दो फोटो… लोहिया भवन के परिसर में सड़क पर धरने पर बैठ गईं
इमरजेंसी के 50 साल पूरे होने पर बीजेपी ने लोहिया भवन में कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें पूर्व डीजीपी और बीजेपी से राज्यसभा सांसद बृजलाल मुख्य अतिथि थे। बीजेपी के जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम की जानकारी होने पर करीब साढ़े तीन बजे महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रिंकल सिंह बेटे के साथ लोक भवन पहुंच गईं। उन्हें जब अंदर जाने को नहीं मिला तो वह परिसर में सड़क पर धरने पर बैठ गईं। लोगों ने उन्हें समझाकर उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानीं। जबरन पुलिस ने गाड़ी में खींचकर बैठाया
रिंकल सिंह ने कहा, अगर मुझे ही न्याय नहीं मिलेगा, तो आम जनता का क्या होगा। मुझे जबरन पुलिस ने गाड़ी में खींचकर बैठाया। 3 घंटे तक इधर-उधर घुमाया और अब केस को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने भीटी सर्किल के सीओ और महरुआ थाना पुलिस पर खुलकर आरोप लगाया कि प्रशासन स्थानीय दबंगों के इशारे पर काम कर रहा है। जिलाध्यक्ष न्याय नहीं दिला सकते तो इस्तीफा दे दें
रिंकल ने पार्टी के जिला अध्यक्ष त्रयंबक तिवारी पर भी तीखा हमला बोला। कहा, अगर वे मुझे न्याय नहीं दिला सकते तो उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। मैं महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष हूं। क्या मेरा सम्मान और सुरक्षा सिर्फ भाषणों में ही सीमित है। एक घंटे बाद अंदर जाने का मिला मौका
करीब एक घंटे के बाद पार्टी के पदाधिकारी उन्हें लोहिया भवन के ऑडिटोरियम में ले गए। वहां मंच पर सांसद बृजलाल के अलावा बीजेपी के जिलाध्यक्ष और पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे। रिंकल सिंह माइक पर बोलते–बोलते फूट–फूटकर रोने लगीं। न्याय की मांग करने लगीं। सांसद बृजलाल के पैरों में गिर पड़ीं। उन्हें समझाकर बाहर भेजा गया। अब वो विवाद , जिसे लेकर महिला नेता धरने पर बैठीं
रिंकल सिंह के मुताबिक, जैतूपुर गांव निवासी दीपक सिंह, उसके भाई अवनीश सिंह और राजन सिंह ने गांव के सरकारी तालाब में मछली पाल रखी हैं। इसी तालाब के रास्ते बारिश का पानी दूसरे तालाब में चला जाता है। जिससे गांव में जलभराव की समस्या नहीं होती है। 22 जून को ये तीनों मिलकर दूसरे तालाब को जाने वाले पानी के रास्ते पर बांध बना रहे थे। गांव के कुछ लोगों ने उनसे इस बात की शिकायत की। फिर रिंकल अपने पति संजय सिंह के साथ तालाब पर पहुंचीं। बांध बनाने से मना करने लगीं। आरोपियों ने भी उनसे गाली-गलौज की। कुछ देर बाद मामला शांत होने पर वो घर लौट आईं। पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी
करीब आधे घंटे बाद आरोपी रिंकल सिंह के घर में घुस गए। उनको और पति संजय सिंह को लात-घूंसे मारे। पिस्टल निकालकर जाने से मारने की धमकी दी। उन्होंने पति के साथ पहुंचकर महरुआ थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। बीजेपी की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष के मुताबिक अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इससे नाराज रिंकल सिंह समर्थकों के साथ मंगलवार को महरुआ थाने में धरने पर बैठ गईं थीं। उन्होंने पुलिस पर भाजपा जिलाध्यक्ष से मिले होने के आरोप लगाए थे। ————————————— ये खबर भी पढ़ें… आजमगढ़ में राजभर बोले- मुसलमान सपा के गुलाम:अखिलेश साइकिल मुसलमान को दें, खुद कैरियर पर बैठें, तब पता चलेगा कितना दर्द होता है कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आजमगढ़ में कहा- मुसलमान सपा के गुलाम हैं। ये लोग हक, शिक्षा, स्वास्थ्य, अमन-चैन की बात नहीं करते, बल्कि नफरत की बात करते हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस नफरत सिखाने का काम करती हैं। पढ़ें पूरी खबर…