अखिलेश बोले- यूपी में फिल्म सिटी की शूटिंग चालू:इटावा एनकाउंटर का वीडियो शेयर किया; पूछा- प्रदेश में कोई गृहमंत्री है क्या?

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को इटावा पुलिस एनकाउंटर का एक वीडियो अपने X अकाउंट पर शेयर किया। भाजपा सरकार और पुलिस पर तंज कसते हुए लिखा- यूपी में फिल्म सिटी की शूटिंग चालू है। कहानी और स्क्रिप्ट लिखने वाले भी पुलिस के लोग हैं। डायरेक्ट और कॉस्ट्यूम डिजाइनर भी पुलिस के ही लोग हैं। अखिलेश ने दावा किया कि वीडियो इटावा में मां-बेटी की हत्या के आरोपी से मुठभेड़ का है। वीडियो में थाना प्रभारी विक्रम सिंह आरोपी मुकेश यादव के पैर में पट्टी बांधते, उसकी जेब से कारतूस निकालते और स्कूटी से बरामद 2 लाख 31 हजार रुपए गिनते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल इटावा के चन्देठी गांव में 17 अगस्त की सुबह मां- बेटी का शव उनके घर में मिला था। पुलिस ने इस मामले में मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी थी। मुठभेड़ की 3 तस्वीरें देखिए… पढ़िए अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में क्या लिखा… उप्र में फिल्म सिटी की शूटिंग चालू है। कथा-पटकथा लिखनेवाले भी पुलिस के लोग हैं, डायरेक्ट भी और वेश-भूषा सज्जावाले भी। यूपी के इटावा जिले में पुलिस ने एनकाउंटर में अपराधी को पकड़ा और दरोगा जी ने हाथोंहाथ पट्टी बांधकर मौके पर ही सारी पूछताछ कर ली। शायद थाने तक पहुंचते-पहुंचते चार्जशीट भी तैयार कर देंगे। अपराधी का पकड़ा जाना सराहनीय है, लेकिन पुलिस का स्वांग रचकर झूठ को सच दिखाने का नाटक घातक है, कुछ भ्रष्ट पुलिसवाले इसका दुरुपयोग करके उप्र में कानून-व्वस्था को ही अपराधी बना दे रहे हैं। उप्र में कोई गृहमंत्री है क्या? पूरा मामला जानिए इटावा के चन्देठी गांव में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। 17 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे दूधवाला घर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला। पीछे के हिस्से से अंदर झांकने पर आंगन में पुष्पा यादव (55) का शव पड़ा मिला, जबकि उनकी बेटी निर्मला उर्फ मंजू देवी (38) का शव कमरे में चारपाई पर था। चारपाई पर खून से सनी दरांती पड़ी थी। कमरे से आंगन तक खून के निशान मिले। मां-बेटी के शव मिलने की सूचना के बाद एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को दबोचा हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और भरथना थाना पुलिस की टीमें गठित की गईं। टीमों ने संदिग्धों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मुकेश यादव जारपुरा से साम्हों की ओर जा रहा है। पुलिस टीमों ने रास्ते में चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक गोली मुकेश के दाहिने पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 42 साल का मुकेश मैनपुरी का रहने वाला है। मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो भी सामने आया। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी के पैर में पट्टी बांधते नजर आए। इसके अलावा आरोपी की जेब से कारतूस निकालने और स्कूटी से 2 लाख 31 हजार रुपए निकालकर गिनने की कार्रवाई करते भी दिखे। एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव के मुताबिक- मंजू देवी का पति सत्येंद्र से तलाक का मुकदमा चल रहा था। 3 अगस्त को कोर्ट ने उसे मंजू को हर महीने 7 हजार रुपए भरण-पोषण देने का आदेश दिया था। पुलिस के अनुसार, इसी से नाराज होकर सत्येंद्र ने अपने दोस्त मुकेश यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। ———————- यह खबर भी पढ़ें… दामाद ने धमकाया था-पूरे परिवार के लिए कफन तैयार रखना:प्रतापगढ़ में पिता बोले- बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर आया, मेरे सामने बेटे को गोली मार दी ‘दामाद ने धमकी दी थी कि आज पूरे परिवार को कफन में लिटा देंगे। बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर बुलेट से आया और गोली चलाई… बेटा सामने आ गया तो उसे मार दिया। मेरी आंखों के सामने बेटा खून से लथपथ पड़ा था।’ ये दर्द है प्रतापगढ़ के गया प्रसाद का, जिनके 48 साल के बेटे देवेंद्र की उसके बहनोई ने मंगलवार को दिनदहाड़े तीन गोली मारकर हत्या कर दी। पढ़ें पूरी खबर…