अफजाल अंसारी बोले- बेटी की शादी के गहने चोरी हुए:अलमारियों के लॉक भी टूटे पड़े थे, लखनऊ में 4 साल बाद कोठी पर मिला कब्जा

लखनऊ में गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी की सील कोठी कोर्ट के आदेश पर बुधवार दोपहर खोली गई। डालीबाग में बनी कोठी उनकी पत्नी फरहत अंसारी के नाम पर है, जिसे गाजीपुर प्रशासन ने चार साल पहले सील किया था। नगर निगम की टीम ने सील हटाकर अफजाल और उनके परिवार को चाबियां सौंपीं। अफजाल अंसारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि कोठी के अंदर अलमारियों के लॉक टूटे मिले। इसमें मेरी बेटी की शादी के लिए कीमती जेवर और लाखों की कीमत का सामान रखा था। उन्होंने कहा कि कोठी सील करने के कुछ दिन बाद ही यहां चोरी हुई थी। शिकायत के बाद भी पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने मामले पर ध्यान नहीं दिया। 2 तस्वीरें देखिए… अफजाल बेटियों संग कोठी पर कब्जा लेने पहुंचे गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी बुधवार को अपनी दोनों बेटियों के साथ कोठी पर कब्जा लेने डालीबाग पहुंचे। कोर्ट से फरहत अंसारी के पक्ष में फैसला आया, जिसके बाद नगर निगम और पुलिस की मौजूदगी में कोठी सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई। अफजाल अंसारी के पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर जुट गए। 6,700 वर्गफीट में बनी है आलीशान कोठी डालीबाग में करीब 6,700 वर्गफीट में बनी यह कोठी फरहत अंसारी के नाम पर है। गाजीपुर के तत्कालीन डीएम के आदेश पर 28 अक्टूबर, 2022 को गाजीपुर पुलिस ने लखनऊ पहुंचकर कोठी को सील किया था। इसकी देखरेख और निगरानी की जिम्मेदारी लखनऊ नगर आयुक्त को सौंपी गई थी। गाजीपुर कोर्ट ने फरहत अंसारी को राहत देते हुए उनके नाम की कोठी उन्हें वापस करने के आदेश दिए थे। इसके बाद गाजीपुर प्रशासन ने लखनऊ के नगर आयुक्त को पत्र भेजकर कोठी से सील हटाने और उसे वापस सौंपने के लिए कहा था। डीएम के आदेश के बाद नगर निगम की टीम बुधवार को चाबी सौंपने पहुंची। इस दौरान नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार और लेखपाल भी मौजूद रहे। डालीबाग में बनी आलीशान कोठी माफिया मुख्तार और उनके बड़े भाई सांसद अफजाल अंसारी के परिवार से जुड़ी है। इसी वजह से लंबे समय तक यह प्रशासन की निगरानी में रही। कोठी के गेट के सामने काफी कूड़ा पड़ा था, जिसे नगर निगम की टीम ने हटवाने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की। पहले कोठी का गेट डालीबाग की मुख्य सड़क की तरफ था। अब एलडीए की सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना की बाउंड्री बनने से यह गेट बंद हो गया है। यह आवासीय योजना मुख्तार अंसारी से कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर बनाई गई है। अब 1090 की तरफ बंधा रोड से कोठी में जाने का रास्ता है। ——————— यह खबर भी पढ़िए… लखनऊ में 10 फीट सड़क धंसी, बाइक समेत गिरा युवक:अगस्त में 8 साल में सबसे ज्यादा बरसात; सीजन में 525 मिमी बारिश, कोटा फुल लखनऊ में अगस्त में 8 साल में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। पूरे महीने 330 मिमी बारिश हुई, जिससे मानसून का कोटा पूरा हो गया। बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है। रहीमाबाद, सरोजनीनगर और गोमतीनगर समेत शहर के कई इलाकों में देर रात से तेज बारिश हो रही है। पूरी खबर पढ़ें