अमेरिकी विदेश मंत्री ने पत्नी के साथ ताजमहल देखा:डायना बेंच पर फोटो खिंचवाई, गाइड से ताज को लेकर सवाल पूछे; जयपुर के लिए रवाना

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पत्नी जेनेट रूबियो के साथ सोमवार को ताजमहल देखा। दोनों ने डायना बेंच पर बैठकर फोटो खिंचवाए। 41 डिग्री तापमान में मार्को रूबियो 45 मिनट तक ताजमहल परिसर में घूमे। जेनेट ने ताज को देखकर कहा- बेहद खूबसूरत। गाइड नितिन सिंह से दोनों ने ताजमहल की नक्काशी के बारे में जानकारी ली और कई सवाल पूछे। मार्को काले कोट-पैंट में, जबकि जेनेट ग्रे रंग के गाउन में नजर आईं। दोनों ने काला चश्मा भी लगाया हुआ था। मार्को रूबियो पत्नी और 60 लोगों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह 10 बजे आगरा पहुंचे। एयरपोर्ट पर कमिश्नर दीपक कुमार और डीएम मनीष बंसल ने उनको रिसीव किया। यहां से सीधे मार्को ताजमहल पहुंचे और गोल्फ कार्ट से परिसर के भीतर गए। ताजमहल देखने के बाद मार्को रूबियो प्रतिनिधिमंडल के साथ होटल अमर विलास पहुंचे। यहां लंच के बाद वे दोपहर 12:48 बजे खेरिया एयरपोर्ट से विशेष विमान से जयपुर रवाना हो गए। मार्को के दौरे को देखते हुए ताजमहल में बैरिकेडिंग की गई और अंदर मौजूद पर्यटकों को कुछ समय के लिए बाहर कर दिया गया था। 5 तस्वीरें… भारत-अमेरिका में तनाव के बीच दौरे के मायने समझिए- रूबियो शनिवार से 4 दिन के भारत दौरे पर हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सेवा तीर्थ में मुलाकात की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तरफ से पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्योता दिया था। रूबियो का भारत दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पिछले साल के मध्य से भारत-अमेरिका संबंधों में कुछ मुद्दों को लेकर तनाव देखा गया था। माना जा रहा है कि इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के रिश्तों को फिर से मजबूत करना है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के आगरा दौरे के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…