अयोध्या में हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास और कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के बीच सोमवार को एक चैनल के लाइव डिबेट में विवाद हो गया। राजू दास ने कांग्रेस प्रवक्ता को जमकर गालियां दीं। धमकाते हुए कहा- जूते से मारूंगा। यह सुनकर दोनों महिला एंकर भौचक रह गईं। कार्यक्रम को बीच में ही खत्म करना पड़ा। डिबेट में मछली भोज पर बहस हो रही थी। कांग्रेस पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक संवाद और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा का अपमान बताया है। यूपी कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सीपी राय ने कहा, राजनीतिक बहस में तर्क खत्म होने पर गाली-गलौज को हथियार बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। किसी की मां को गाली देना, व्यक्तिगत टिप्पणी करना या धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करना न संतत्व की पहचान है, न सनातन संस्कार और न ही लोकतांत्रिक आचरण। कांग्रेस की 3 बड़ी बातें पढ़िए… भगवा वस्त्र किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाते: कोई व्यक्ति धार्मिक पद या प्रभाव की आड़ में किसी राजनीतिक कार्यकर्ता को गाली देने या डराने का अधिकार नहीं पा सकता। भगवा वस्त्र किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाते और धार्मिक पहचान किसी दूसरे नागरिक के सार्वजनिक अपमान का लाइसेंस नहीं है। मंच टीवी का हो या मंदिर का, मर्यादा सभी के लिए समान होनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता गाली से डरने वाले नहीं: कांग्रेस कार्यकर्ता गाली या धमकी से डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस संविधान और कानून में विश्वास करती है और राजनीतिक सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देने में भरोसा रखती है। पार्टी ने पूरे कार्यक्रम की मूल रिकॉर्डिंग, वीडियो फुटेज और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। गाली का जवाब तर्क से देंगे: गाली देने वालों को तर्क से जवाब दिया जाएगा और धमकी देने वालों का जवाब संविधान की ताकत से दिया जाएगा। लोकतांत्रिक संवाद और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा कमजोर करने वाली किसी भी कोशिश के खिलाफ कांग्रेस मजबूती से खड़ी रहेगी। अब जानिए कार्यक्रम में क्यों भड़के राजू दास? एंकर: हमारे साथ कुंवर सिंह निषाद भी जुड़े हुए हैं, कांग्रेस के प्रवक्ता हैं। कुंवर सिंह, बताएं क्या औचित्य था इस बात का, जिस तरीके से महंत राजू दास कह रहे हैं कि आप दर्शन करके आए, तीर्थ स्थान से आए और उसके बाद आपने मछली और भात। आपको कुछ और भी तो बनवा सकते थे और खा सकते थे? कुंवर सिंह निषाद: कार्यक्रम निषाद समाज का था, जहां पर राजेंद्र पाल गौतम और अजय राय आए थे। इस देश में घूस खाना अपराध नहीं है, इस देश में भ्रष्टाचार करना अपराध नहीं है, भाजपा में गुंडागर्दी करना अपराध नहीं है। गाय के नाम पर हत्या करना अपराध नहीं है, लेकिन मछली खाना इनकी नजर में अपराध है, जो कि संविधान के किसी भी अनुच्छेद में इसका वर्णन नहीं है कि आप सावन के माह में मछली नहीं खा सकते हो। सौ-सौ चूहे खा के बिल्ली हज को चली, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चार दिन पहले नॉनवेज खा रहे थे, सावन का माह है। लेकिन राजू दास के मुंह में दही जम गया, राजू दास नहीं बोले, किसी के मुंह से आवाज नहीं निकलती है। मीडिया का कोई भी व्यक्ति नहीं आता है। (राजू दास ने जवाब देना चाहा तो कुंवर सिंह ने ‘चुप’ कहकर उन्हें शांत कराना चाहा, तभी राजू दास भड़क गए और उन्हें गालियां देने लगे। एंकर को कुछ समझ नहीं आया, वो कुछ सेकेंड के लिए शांत हो गईं।) एंकर: मुझे लगता है बातचीत करना उचित नहीं, क्योंकि भाषा की जो मर्यादा है, उसे बनाकर रखिए। सही तरीके से बात करें… एंकर: अरे महंत राजू दास, आप नेशनल चैनल पर बैठे हुए हैं, डिबेट में बैठे हुए हैं, एक कार्यक्रम में बैठे हैं। इस तरीके की भाषा शोभा नहीं देती आपको। आप महंत हैं, इस तरीके की भाषा का इस्तेमाल न करें। इसके बाद एकर ने दोनों को धन्यवाद कहते हुए कार्यक्रम खत्म कर दिया। मछली भोज पर विवाद क्यों है, जानिए… अयोध्या में रविवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में मछली बनाई गई थी। सम्मेलन में आए लोगों को यह खाना भी परोसा गया। इसमें यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी पहुंचे थे। सोमवार को सीएम योगी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मछली की दावत पर कहा, ‘कांग्रेस के लोग विरासत का अपमान करते हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने जिस तरह का आचरण किया है, वह इसका उदाहरण है। हनुमानगढ़ी में दर्शन करते हैं, फिर बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं। ये राम-राम चिल्लाते हैं। इनका दोहरा आचरण देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाता होगा। वह कहता होगा कि मनुष्य के रूप में हमारी कौन-सी प्रजाति पैदा हो गई है। योगी ने कहा- इनके (अजय) भाई की एक माफिया (मुख्तार अंसारी) ने हत्या की है, लेकिन यह व्यक्ति उसके खिलाफ बयान देने नहीं गया, बल्कि उसके सामने घुटने टेक दिए और नतमस्तक हो गया।’ अजय राय बोले- सीएम मछली खाने की फोटो दिखा दें तो इस्तीफा दे दूंगा अजय राय ने योगी के बयान पर कहा- अगर मुख्यमंत्री के पास कोई फोटो है तो दिखा दें। मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। कल निषाद समाज ने मुझे बुलाया था। मैं जब भी अयोध्या जाता हूं पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करता हूं और फिर कार्यक्रम में जाता हूं। निषाद समाज के कार्यक्रम में वे मछली का भोज करा रहे थे, ये उनका काम था। मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लखनऊ लौट आया। मछली पालना, पकड़ा और खाना निषाद समाज की जीवनशैली में है। भाजपा निषाद समाज का अपमान कर रही है, निषाद समाज इसे भूलेगा नहीं। ———————- ये खबर भी पढ़िए राहुल बोले- महिलाओं के खिलाफ 3 तरह से हिंसा:पहली- पैदा होते ही हत्या, दूसरी- शारीरिक अत्याचार, तीसरी- आर्थिक बंदिशें राहुल गांधी ने शनिवार को पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में महिलाओं की आजादी और पितृसत्ता के मुद्दे पर एक घंटा 16 मिनट बात की। मनुस्मृति का जिक्र करते हुए महिलाओं को पिता, पति और बच्चों की संपत्ति मानने वाली सोच को शर्मनाक बताया। राहुल ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ 3 तरह से हिंसा होती है। पहली- पैदा होते ही हत्या, दूसरी- शारीरिक अत्याचार, तीसरी- आर्थिक बंदिशें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, नौकरी, संपत्ति और अपने फैसले लेने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर