अलीगढ़ में बाइक शोरूम मालिक की हत्या:देर रात बस में चढ़ते समय गोली मारी, पिता बोले- महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा ने मरवाया

अलीगढ़ में शुक्रवार देर रात टीवीएस शोरूम मालिक को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियों को भून डाला। शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभिषेक गुप्ता अपने पिता और चचेरे भाई के साथ अपने गांव जाने के लिए निकले थे। वह बस में चढ़ रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। फिर सीधे हाईवे की तरफ भाग गए। घटना खेरेश्वर मंदिर चौराहे की है। अभिषेक गुप्ता के पिता ने महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती उर्फ पूजा शकुन पांडेय और उनके पति अशोक पांडेय पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती का अभिषेक से विवाद हुआ था। अब पढ़िए पूरा मामला क्या है… अभिषेक गुप्ता (25) हाथरस के सिकंदराराऊ के गांव कचौरा के रहने वाले थे। अभिषेक ने 25 अगस्त को खैर में टीवीएस बाइक का शोरूम खोला था। उनके पिता नीरज गुप्ता आढ़त का काम करते थे। शोरूम बंद करने के बाद अभिषेक कभी खैर में ही रुक जाता था, तो कभी अपने गांव चले जाते थे। शुक्रवार को अभिषेक के पिता नीरज और चचेरा भाई जीतू अलीगढ़ आए हुए थे। रात में शोरूम बंद करने के बाद तीनों अपने गांव जाने के लिए निकले थे। खैर से वह खेरेश्वर मंदिर चौराहे पर पहुंचे। यहां से हाथरस की बस में बैठ रहे थे। पिता नीरज और भाई जीतू बस में चढ़ गए थे। अभिषेक बस में चढ़ रहा था, तभी पीछे से बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दीं। उसके शरीर में कई गोलियां लगीं। वह जमीन पर गिर गया। बस में मची चीख पुकार, लोग कूदकर भागे गोलियों की आवाज सुनकर बस में चीख-पुकार मच गई। लोग बस की सीट के नीचे छिपने लगे और कुछ लोग बस से कूदकर भागने लगे। लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलने पर लोधा और रोरावर समेत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ प्रथम एएसपी मयंक पाठक भी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। महामंडलेश्वर व उनके पति पर आरोप अभिषेक गुप्ता के पिता ने बताया कि महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती उर्फ पूजा शकुन पांडेय और उनके पति अशोक पांडेय ने बेटे की हत्या कराई है। दोनों मेरे बेटे को पिछले कई दिनों से धमका रहे थे। रुपए देने का दबाव बना रहे थे। पिता नीरज ने बताया कि मेरा बेटा पहले इन दोनों के साथ रहता था। उनमें किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद से दोनों लगातार मेरे बेटे को धमकी देते थे और जान से मरवा देने की बात कहते थे। अब उन दोनों ने मेरे बेटे को मरवा डाला। पिता नीरज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती के पति अशोक पांडेय को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा- एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए। ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। फिर सीधे हाईवे की ओर भाग गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके। अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा घटना के बाद अभिषेक के परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। पहले उन्होंने मेडिकल कॉलेज में जमकर हंगामा किया, इसके बाद सभी मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। यहां शव को मोर्चरी में रखने के दौरान उन्होंने जमकर हंगामा किया। एसएसपी के आश्वासन पर लोग हुए शांत एसएसपी नीरज जादौन ने परिवार के लोगों से बात कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसएसपी ने परिजनों को बताया कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और तत्काल मुकदमा लिखा जाएगा। इसके बाद लोग शांत हुए। एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि पिता ने बताया कि बस में चढ़ने के दौरान दो आरोपियों ने उनके बेटे पर गोली चलाई। पिता ने दो नामजदों पर आरोप लगाया है। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। —————— ये खबर भी पढ़ें… नीला ड्रम 30 मिनट काटा, 3 टुकड़ों में मिली लाश:मेरठ कोर्ट में ड्रम कटर बोला- जज साहब, मुस्कान-साहिल ने सौरभ को बेरहमी से मारा जज साहब ! ड्रम काटने में मुझे 30 मिनट लगे। सीमेंट तोड़ी, तो उसमें 3 टुकड़ों में पूरी बॉडी थी। दो कपड़े के बैग मिले। इनमें एक में सौरभ का सिर था। आंख-कान में सीमेंट भरा था। दूसरे बैग में एक उस्तरा था। जबकि एक काले रंग की पन्नी में हाथों के पंजे थे। पढ़िए पूरी खबर….