अलीगढ़ में हैप्पी होली बोलकर घर में घुसे बदमाश:स्क्रैप कारोबारी दंपती को हथियारों के बल पर बंधक बनाया, 5 लाख के जेवर-कैश लूटे

अलीगढ़ में बुधवार दोपहर बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। चार बदमाश हैप्पी होली बोलते हुए घर में घुसे और स्क्रैप कारोबारी दंपती को बंधक बना लिया। तमंचा और चाकू दिखा कर डराया-धमकाया। पांच लाख रुपए के गहने और कैश लूट कर भाग गए। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत और फिंगर प्रिंट बतौर सबूत जुटाए। पूरी घटना कारोबारी के घर में लगे CCTV में कैद हो गई। वारदात देहलीगेट थाना क्षेत्र के घुड़िया बाग हाथरस वाला पेंच इलाके की है। ​जाली के पास आकर बोला- ‘होली मिलन’ करना है
​पीड़ित कारोबारी विनोद कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि दोपहर करीब 12:45 बजे वह घर में बेड पर बैठे थे। तभी पीछे की जाली वाले गेट के पास एक युवक आया, जिसका चेहरा रंग से पुता था। उसने आवाज दी और कहा कि ‘होली मिलन करना है, पास आइए’। विनोद कुमार उसके पास पहुंचे, वह कुछ समझ पाते कि युवक के पीछे छिपे तीन अन्य हथियारबंद बदमाश जबरन गेट खोलकर अंदर घुस आए। ​दंपती को पीटा, पत्नी के कंगन तक उतरवाए ​बदमाशों ने घर में घुसते ही विनोद और उनकी पत्नी सुमन को तमंचा और चाकू के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर दंपती को पीटा। बदमाशों ने कहा कि चुपचाप सामान दे दो, वरना गोली मार देंगे। लुटेरों ने सुमन के हाथों में पहने सोने के कंगन उतरवा लिए और फिर अलमारी खंगाली। बेटी के कमरे की अलमारी तोड़ी, वाई-फाई ले गए ​बदमाशों ने विनोद की इंजीनियर बेटी आकांक्षा के कमरे को निशाना बनाया। अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली। बदमाश न केवल दो मोबाइल फोन लूट ले गए, बल्कि घर में लगा वाई-फाई राउटर भी उखाड़ ले गए। जाते समय बदमाशों ने धमकी दी कि अंदर ही रहना, बाहर निकले तो जान से मार देंगे। ​सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, रेकी की आशंका ​वारदात के बाद सुमन ने छिपे हुए एक अन्य मोबाइल से अपने भाई और देवरानी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सीसीटीवी में 4-5 संदिग्ध युवक घर के आसपास रेकी करते नजर आए हैं। ​इलाके में दहशत का माहौल ​दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि त्योहार के समय जब पुलिस अलर्ट पर होती है, तब बदमाश बेखौफ होकर घर में घुसकर लूटपाट कर रहे हैं। तीन टीमें घटना के खुलासे के लिए लगाईं एसपी सिटी मृगांग शेखर पाठक ने बताया कि पुलिस को दोपहर तीन बजे घर में घुसकर लूट की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया है कि चार लोग होली के बहाने आए थे। जैसे ही मकान मालिक निकले तो यह धक्का मारकर घर में घुस गए। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है। ——————— ये खबर भी पढ़िए- ‘ए राजा हमके बनारस घुमाई दा’ पर जमकर नाचे विदेशी, काशी में आयरलैंड की युवती को गुझिया खिलाई, बोला- कल्चरल स्वीट्स हवा में उड़ता गुलाल… रंगों में रंगे लोग… ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते देशी-विदेशी सैलानी… चारों तरफ गूंजते ‘होली हैं’ के नारे। यूपी में आज होली पर हर तरफ कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। विदेशी पर्यटक भी खुद को इससे दूर नहीं रख पाए। काशी-मथुरा में विदेशी पर्यटकों ने जमकर रंग खेल रहे हैं। सभी होली के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। एक-दूसरे को गुलाल लगा रहे हैं। ‘ए राजा हमके बनारस घुमाई दा’ जैसे गानों पर डांस कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…