अलीगढ़ में होली पर फायरिंग-पथराव …दरोगा का सिर फटा:पड़ोसी ने छत से चलाई गोलियां, दो को छर्रे लगे, 13 उपद्रवी हिरासत में

अलीगढ़ में होली खेलने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ। एक पक्ष के व्यक्ति ने घर की छत से चढ़कर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिसमें दो लोग छर्रे लगने से घायल हो गए। गांव वालों ने आरोपी का घर घेर लिया। उसके घर पर पथराव करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। भीड़ को समझाकर शांत कराने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। पुलिस पर भी पथराव कर दिया। पत्थर लगने से एसएसआई का सिर फट गया। पुलिस ने उन्हें फौरन एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद फायरिंग करने वाले युवक को पकड़ लिया। इसके आलावा 12 उपद्रवियों को हिरासत में लेकर थाने आई। तब जाकर भीड़ शांत हुई। कोई अनहोनी न हो इसे देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। घटना बुधवार को मडराक थाना क्षेत्र की है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला होली खेलने के दौरान पड़ोसी से हुआ था झगड़ा पुलिस के अनुसार- मनीष वार्ष्णेय और कैलाश पड़ियावली गांव में पड़ोस में रहते हैं। बुधवार दोपहर 3 बजे होली खेलने के दौरान महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि कैलाश आपा खो बैठा। वह दौड़कर अपने घर की छत पर चढ़ गया। उसने वहां से फायरिंग शुरू कर दी। छत से फायरिंग, पड़ोसी और राहगीर को लगी गोली गोली के छर्रे मनीष के सीने में जा लगे। वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद भी कैलाश ने फायरिंग करने बंद नहीं किया। इसी दौरान वहां से जसवंत नाम का एक राहगीर गुजर रहा था। उसके बाजू में भी छर्रे लगे। फायरिंग से गांव में भगदड़ मच गई। लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। ​बचाने आई पुलिस पर पथराव, दरोगा का सिर फटा भीड़ ने फायरिंग करने वाले युवक का घर घेर लिया। लोगों का गुस्सा देख आरोपी ने खुद को घर के अंदर कैद कर लिया। गुस्साए लोगों ने उसके घर पर पथराव शुरू कर दिए। तभी किसी ने इसकी सूचना मडराक थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को समझाकर शांत कराने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इसमें थाने में तैनात एसएसआई धर्मपाल सिंह सिर में पत्थर लगने से घायल हो गए। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा मडराक थाने की पुलिस ने एसएसपी नीरज जादौन को हालत बिगड़ने की सूचना दी। थोड़ी देर बाद एसएसपी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। आरोपी कैलाश को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। उसके बाद घायलों को तत्काल आगरा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तब जाकर भीड़ शांत हुई। एसएसपी बोले- उपद्रवी बख्शे नहीं जाएंगे एसएसपी नीरज जादौन ने बताया- दो पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बाद में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस दौरान एक युवक ने फायरिंग कर दी। नाराज गांव वालों ने पथराव कर दिया था। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई है।फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है। पुलिस पथराव करने वालों की पहचान कर रही है। उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। यह खबर भी पढ़ें ‘अगर उनके बच्चे के साथ होता तो बुलडोजर चल जाता’: पिता बोले- माथे के बीच में गोली मारी गई; पूर्व MLC का भतीजा है आरोपी ‘जो मेरे बच्चे के साथ हुआ है, अगर वह उनके बच्चे के साथ होता तो पुलिस होती, झंडे होते, बुलडोजर होता और मेरा घर गिरता। लेकिन, यहां इतना समय बीत गया, कोई कार्रवाई नहीं हुई। हम मान रहे हैं कि लोगों को लगता होगा कि दो दिन ही हुए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पुलिस एक कदम भी नहीं बढ़ पाई है।’ यहां पढ़ें पूरी खबर