आगरा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा:5 लोग नदी में डूबे, एक को बाहर निकाला; 4 की तलाश जारी

आगरा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन को नदी में उतरे 5 लोग डूब गए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एक युवक भोला को नदी से बाहर निकाला गया है। हालत बेहद गंभीर है। घटना खेरागढ़ थाना क्षेत्र की डूंगरवाला उंटगन नदी की है। डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा और चेयरमैन सुधीर गर्ग भी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। खेरागढ़ के डूंगरवाला उंटगन नदी पर बड़ी संख्या में लोग दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने आए थे। महिलाएं तो नदी किनारे रुक गई, लेकिन युवक प्रतिमा को लेकर नदी के अंदर चले गए। तभी अचानक नदी में युवक डूबने लगे। कुछ युवक प्रतिमा को छोड़कर बाहर आ गए। हादसे में 5 युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह बहाव में दूर निकल गए। मौके पर हाहाकार मच गया। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एक युवक भोला को बाहर निकाला गया है। उसकी हालत बेहद गंभीर है। अन्य 4 युवकों सचिन महावीर (15) पुत्र रामवीर सिंह, ओके (18) पुत्र किशन सिंह, भगवती (20) पुत्र मुरारीलाल, हरेश (20) पुत्र यादव की तलाश की जा रही है। जिस प्रतिमा का विसर्जन, उसके सामने रोते रहे परिजन
जिस प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए लाए थे। वो नदी के बीच में छोड़ दी गई। हादसे के बाद युवकों के परिजन प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर सलामती के लिए प्रार्थना करते रहे। पुलिस ने सभी लोगों को नदी से बाहर निकाला। खबर अपडेट की जा रही है।