आगरा में ABVP कार्यालय में मिला मांस का टुकड़ा:गुस्साए कार्यकर्ताओं ने किया रोड जाम, 108 बार ‘जय श्रीराम’ का जाप और हनुमान चालीसा पढ़ा

आगरा में ABVP कार्यालय के बाहर किसी ने मांस का टुकड़ा फेंक दिया। इससे कार्यकर्ता भड़क गए और हंगामा करते हुए रोड को जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर कार्यकर्ताओं ने 108 बार ‘जय श्रीराम’ का जाप किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसी दौरान घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इस वजह से करीब 1 किमी तक लंबा जाम लग गया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। करीब 1 घंटे की बातचीत के बाद मामला शांत कराया। इसके बाद सड़क को खाली कराकर यातायात बहाल किया गया। घटना शुक्रवार शाम की है। देखिए 3 तस्वीरें…
विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… शिव मंदिर के पास मांस का टुकड़ा मिलने से भड़के कार्यकर्ता राजामंडी इलाके में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का कार्यालय है। यहां आरएसएस की बैठकें भी आयोजित होती हैं। इसी कार्यालय से सटा हुआ भगवान शिव का एक मंदिर भी है। शाम करीब 6 बजे किसी असामाजिक तत्व ने कार्यालय के गेट के पास मांस का एक टुकड़ा फेंक दिया। जैसे ही कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली, तो करीब 20 से 25 एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया। आक्रोशित कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने लगे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इससे सेंट जॉन्स-राजामंडी रोड पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शन में शामिल हो गए। इससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच 1 घंटे तक चली बातचीत
हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। करीब 1 घंटे तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत चली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने 108 बार ‘जय श्रीराम’ का जाप किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। फिर जा करके सड़क से जाम हटाया गया और यातायात बहाल हो सका। —————- ये भी पढ़ें- मंत्री स्वतंत्र देव का BJP विधायक ने रास्ता रोका:काफिले के आगे 50 गाड़ियां लगाईं, धक्का-मुक्की-बवाल; अखिलेश बोले- ये हारने वाले हैं
यूपी के महोबा जिले में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आपस में भिड़ गए। मंत्री एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे विधायक ने 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया। 30 कार और 20 बाइकें मंत्री के काफिले के सामने खड़ी कर दी। पढ़िए पूरी खबर…