आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट:मथुरा में राधारानी मंदिर में भरा पानी; 24 घंटे में 87% कम बारिश हुई

पश्चिम यूपी के 17 जिलों में आज हल्की बारिश का अलर्ट है। यहां तेज हवा भी चल सकती है। यूपी में पिछले 24 घंटे में 1.2 मिमी बारिश हुई। ये मौसम विभाग के औसत अनुमान 9.2 मिमी से 87% कम है। अब तक की बात करें तो प्रदेश में कुल 521.2 मिमी बारिश हुई, जो औसत अनुमान 513.7 मिमी से 1% कम है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, यूपी में मानसून अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र दक्षिणी उड़ीसा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट को पार कर चुका है। 21 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नए वेदर सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत हैं। फिर यूपी में भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार की बात करें तो नोएडा-ग्रेटर नोएडा में तेज बारिश हुई। हरियाणा के हथिनी कुंड और दिल्ली के ओखला बैराज से यमुना में पानी छोड़ा गया है, जिसके बाद नोएडा और मथुरा में बाढ़ आ गई। नोएडा में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान 205.48 मीटर के पार चला गया है। डीएम मेघा रूपम ने अफसरों के साथ बैठक की है। मथुरा में यमुना का पानी मानसरोवर स्थित राधारानी मंदिर तक पहुंच गया है। मंदिर के रास्ते डूब गए हैं। दुकानदारों ने बताया- यमुना यहां से करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर हैं, फिर भी पानी मंदिर तक आ गया है। शेरगढ़-नौहझील रोड पर 2 फीट तक पानी भर गया है। लोगों को आने-जाने के लिए ट्रैक्टर और बुग्गी का सहारा लेना पड़ रहा है। नौहझील ब्लॉक के चिनपराई गांव के प्राइमरी स्कूल में 3 फीट तक पानी भर गया है। सुरीर, नौहझील, महावन और बलदेव गांव में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गए हैं। डीएम ने यमुना नदी में स्नान पर रोक लगा दी है। राहत-बचाव के लिए 49 बाढ़ चौकी बनाई गई है। मथुरा की 2 तस्वीरें देखिए- कानपुर में गंगा डेंजर लेवल के करीब
कानपुर में गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल से सिर्फ 11 सेंटीमीटर दूर है। पिछले 24 घंटे में गंगा बैराज पर 4 सेंटीमीटर पानी बढ़ा है। यहां जलस्तर 114.79 मीटर तक पहुंच गया है। पांच गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बहराइच में खेत में काम कर रहे किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर पत्नी दौड़ी और 30 मिनट तक डंडे से मारती रही। तब जाकर मगरमच्छ किसान को छोड़कर भागा। घायल किसान को CHC मिहीपुरवा में भर्ती कराया गया है। UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….