आज 21 जिलों में बारिश का अलर्ट:शाहजहांपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे डूबा, 24 घंटे में 60% कम बरसात हुई

यूपी में बारिश-बाढ़ का दौर जारी है। रविवार को यूपी के 21 जिलों में अलर्ट है। विभाग के अनुसार आने वाले 3-4 दिनों तक पूरे उत्तर प्रदेश में तेज बारिश की संभावना नहीं है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, अगस्त में सामान्य बारिश हुई थी। अब मानसून अपने आखिरी चरण में है। अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम हो गई है, इस वजह से किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। वहीं शनिवार को मथुरा में शहर के अंदर यमुना नदी की बाढ़ का पानी पहुंच गया है। नदी से करीब 1 किमी दूर ज्ञान गुदड़ी इलाके में यमुना का पानी पहुंचा, तो लोगों ने पूजा-अर्चना की। वहीं शाहजहांपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे बाढ़ के पानी से डूब गया। गोंडा में शनिवार दोपहर में करीब डेढ़ घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। नोएडा में भी तेज बारिश हुई। उधर, प्रयागराज में गंगा-यमुना नदियों का जलस्तर फिर से बढ़ रहा है। ललितपुर का माताटीला बांध अचानक ओवरफ्लो हुआ, इससे 20 गेट खोल दिए गए। वहीं, पीलीभीत में बीते कई दिनों से बाढ़ के हालात हैं। पांच तहसीलों के कुल 62 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह खुद कंट्रोल रूम से बाढ़ की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। 3 तस्वीरें देखिए- आज कहां हो सकती है बारिश, जानिए 24 घंटे में 60% कम बारिश हुई
शनिवार शाम की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 घंटे में प्रदेश में 3 मिमी बारिश हुई। ये मौसम विभाग के औसत अनुमान 7.6 मिमी से 60% कम है। वहीं, मानसून सीजन में अब तक की बात करें तो 642.9 मिमी बारिश हुई। ये औसत अनुमान 634 मिमी से 1% ज्यादा है। बाढ़ और बारिश से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…