इकलौते फौजी बेटे की मौत सुनकर मां ने जान दी:बलिया में अकेली रहती थीं, एक साथ होगा दोनों का अंतिम संस्कार

बलिया में बीएसएफ जवान की मौत की खबर सुनकर मां ने फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह जब परिजन सोकर उठे तो उन्हें शव फंदे से लटका मिला। घर वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। परिजनों और आसपास के लोगों से सुसाइड के कारणों की जानकारी ली। परिजनों ने बताया, महज 39 साल का बीएसएफ जवान अपनी मां का इकलौता बेटा था। जवान की ब्रेन ट्यूमर से गुरुवार को मौत हो गई। यह जानकारी मां को मिली तो उसे सदमा लगा था। जवान के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। बीएसएफ जवान का पार्थिव शरीर अभी घर नहीं पहुंचा है। परिजन इंतजार कर रहे हैं। अब मां-बेटे का एक साथ शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। मामला फेफना थाना क्षेत्र का है। अब विस्तार से पढ़िए… 2008 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे मनोज
नसीराबाद निवासी मनोहर पांडेय (39 साल) 2008 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। मनोहर जब 3 साल के थे, तभी उनके पिता शारदानंद पांडेय की मौत हुई थी। मां बसंती देवी ने काफी संघर्ष कर बेटे मनोहर को बड़ा किया। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद मनोहर की पहली पोस्टिंग दिल्ली में हुई। 2012 में उनकी शादी हुई। मनोहर पांडेय की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी माही (13) और दूसरी बेटी महज एक महीने की है। 8 महीने से चंडीगढ़ अस्पताल में भर्ती था जवान
मनोहर पांडेय को ब्रेन ट्यूमर था। उन्होंने 2018 में ऑपरेशन कराया था। तबीयत में सुधार के बाद उन्होंने ड्यूटी जॉइन कर ली थी। इसी साल जनवरी में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें फिर चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था। तब से उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार को उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर चंडीगढ़ से मनोहर की मां बसंती देवी (65) को मिली, उन्हें इकलौते बेटे की मौत का सदमा लग गया। पत्नी और बच्चे चंडीगढ़ में ही रुके
मां बसंती देवी ने घर के आंगन में फांसी लगा ली। वह घर में अकेले रहती थीं। मनोहर की पत्नी अन्नू और दोनों बेटियां मनोहर के पार्थिव शरीर के साथ चंडीगढ़ में ही हैं। शुक्रवार की सुबह जब आसपास के लोगों ने शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल बसंती देवी के शव को मॉर्चरी में रखवाया गया है। मनोहर के पार्थिव शरीर के आने का इंतजार किया जा रहा है। शनिवार को पार्थिव शरीर घर आने की संभावना है। इसके बाद एक साथ मां – बेटा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। शनिवार को जवान का पार्थिव शरीर आने की संभावना मनोहर के पट्टीदार दीपक पांडेय ने बताया- मनोहर मेरे बड़े पिताजी के बेटे थे। उनकी मौत की सूचना हमें कल शाम करीब छह बजे मिली थी। मनोहर की पोस्टिंग मेघालय में थी, लेकिन बीमारी के चलते वे चंडीगढ़ में रहकर इलाज करा रहे थे। मनोहर की मौत की खबर घर पहुंची तो उनकी मां गहरे सदमे में चली गईं। इसी बीच पट्टीदार हालचाल लेने उनके घर पहुंचे तो पता चला कि मां ने आंगन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। थाना इंचार्ज फेफना विश्वदीप सिंह ने बताया- महिला के फांसी लगाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। ——————————- ये खबर भी पढ़िए…​​​​​ मेरठ में हत्या का लाइव VIDEO, 3 गोली मारी:12 सेकेंड में सीने में तीन राउंड फायर किया, बाइक से भागते समय REEL भी बनाई मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या का लाइव VIDEO सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि ट्यूबवेल पर आदिल बेसुध पड़ा है। हत्यारा उसके सीने में 12 सेकेंड में 3 गोली मारता है। मौके से भागते वक्त आरोपियों ने रील भी बनाई थी। पुलिस ने 8 युवकों पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। इससे पहले 1 अक्टूबर को लोहियानगर के नरहेड़ा में आदिल की डेडबॉडी मिली थी। तब आरोपी की गोली मारते हुए फोटो सामने आई थी। पुलिस ने इसे एआई जनरेटेड बताया था। अब मर्डर का वीडियो भी सामने आया है। पढ़िए पूरी खबर…