एक हाथ से गर्दन दबोची, दूसरे से पिस्टल तानी, VIDEO:लखीमपुर में 3 आरोपियों को खींचकर ले गए पुलिसवाले; उत्तराखंड से भागे थे

उत्तराखंड की STF ने बुधवार दोपहर लखीमपुर खीरी में गन पॉइंट पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। STF ने फिल्मी स्टाइल में बीच बाजार एक मेडिकल स्टोर पर मारा छापा। यहां दवा खरीद रहे 3 आरोपियों को गन प्वाइंट पर पकड़ लिया। उन्हें खींचकर गाड़ी में बैठाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में भगदड़ जैसा माहौल हो गया। लोग घबरा गए। जब लोगों को पता चला कि पुलिस क्रिमिनल्स को पकड़ कर ले गई है तो राहत महसूस की। पुलिस तीनों आरोपियों को साथ लेकर उत्तराखंड लौट गई है। आरोप है कि गिरफ्तार हुए तीनों आरोपी 14 अगस्त को उत्तराखंड के नैनीताल में हुए जिला पंचायत चुनाव के दौरान फायरिंग में शामिल थे। मामले का हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया और प्रदेश के गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक को 22 अगस्त को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। गिरफ्तारी से जुड़ी 2 फोटो देखिए… अब विस्तार से पढ़िए… थार में सवार होकर मेडिकल स्टोर पहुंचे थे आरोपी
मामला भीरा कस्बे के मुख्य बाजार का है। बुधवार करीब सुबह 11 बजे तीन युवक थार गाड़ी से बाजार में पहुंचे। एक मेडिकल स्टोर पर दवाइयां लेने लगे। तभी अचानक उत्तराखंड पुलिस की टीम पहुंची। साथ में भीरा कोतवाली पुलिस भी थी। पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। गन दिखाते हुए उन्हें खींचकर ले जाने लगे। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि यह मंजर देख बाजार में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप सिंह, अमृत पाल पन्नू और गुरजीत सिंह शामिल हैं। तीनों उधम सिंह नगर के बाजपुर कस्बे के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस आरोपित को लेकर जिला मुख्यालय नैनीताल को लेकर रवाना हो गई है। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। वीडियो में देखा जा सकता है कि उत्तराखंड पुलिस का जवान सादी वर्दी में पिस्टल ताने हुए आ रहा है। उसने अपने एक हाथ से एक आरोपी की गर्दन को पकड़ रखा है। वहीं, उसके सामने वर्दी पहने पुलिस वाले और सादी वर्दी में कुछ लोग काली टी-शर्ट पहने युवक को पकड़े हुए हैं। मौके पर मौजूद कार में सवार किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान आसपास लोगों की भीड़ लग गई। महिला पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रही हैं। एसपी लखीमपुर खीरी संकल्प शर्मा ने बताया- किसी मामले में वांछित तीन अपराधियों को पकड़ने के लिए उत्तराखंड की पुलिस आई थी। भीरा कस्बे से गिरफ्तार कर आरोपियों को उत्तराखंड ले गई है। पंचायत चुनाव में क्या हुआ था, जानिए… दो गुटों में मारपीट, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया आरोप
नैनीताल में 14 अगस्त को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव था। बेतालघाट ब्लॉक में दोपहर में अचानक दो गुटों में मारपीट हो गई। कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे दहशत का माहौल हो गया। घटना में छड़ा गांव निवासी महेंद्र सिंह बिष्ट तीन गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। गरमपानी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। ऑपरेशन के बाद पांव में फंसी दो गोलियां निकाली गई। घटना के बाद बेतालघाट पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया था। घटना के पीछे कांग्रेस ने भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया और इसे चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की साजिश बताया। सीएम धामी से CBCID को सौंपी जांच
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल और बेतालघाट में पंचायत चुनावों के दौरान हाल में हुई गोलीबारी समेत अन्य घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की विस्तृत मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही 2 पुलिस अधिकारियों का तबादला जिले से बाहर करने के निर्देश दिए हैं। सीएम धामी ने बताया, संपूर्ण मामले की विस्तृत मजिस्ट्रेट जांच कुमाऊं मंडल के आयुक्त की ओर से की जाएगी। उन्हें जांच रिपोर्ट 15 दिन के भीतर शासन को देने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने बेतालघाट में हुई गोलीबारी और अन्य घटनाओं को देखते हुए भवाली के पुलिस क्षेत्राधिकारी और तल्लीताल के पुलिस थानाध्यक्ष का तबादला नैनीताल जिले से बाहर करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि इन घटनाओं के दौरान दर्ज प्राथमिकियों की विस्तृत जांच सीबी-सीआईडी (क्राइम ब्रांच) द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं करेगी। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। ———————— ये भी पढ़ें… आगरा में बेटी को तेंदुए के जबड़े से खींच लाई:अटैक के बावजूद मां डटी रही, 15 मिनट लड़ी; महिला ने बताई कहानी आगरा में 3 साल की बेटी को बचाने के लिए मां तेंदुए से भिड़ गई। करीब 15 मिनट तक उससे लड़ती रही। इसके बाद तेंदुआ छोड़कर भाग गया। हालांकि हमले में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद जैतपुर CHC भेज दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…