एसपी से लिपटकर रोई दिव्यांग महिला, अफसर ने गले लगाया:कानपुर देहात में बोलीं- पानी के लिए तरस रही थी, धन्यवाद देने आई हूं

कानपुर देहात में शुक्रवार को दो बैसाखियों के सहारे एक दिव्यांग महिला अपनी बेटी के साथ एसपी ऑफिस पहुंची। एसपी श्रद्धा पांडेय को देखते ही महिला की आंखों से आंसू छलक पड़े। एसपी ने आगे बढ़कर तुरंत उसे गले लगा लिया और संभाला। महिला किसी शिकायत को लेकर नहीं आई थी। वह एसपी का शुक्रिया अदा करने पहुंची थी। उसने एसपी को एक पेन भी गिफ्ट किया। दरअसल, करीब दो महीने पहले महिला ने पानी नहीं आने की शिकायत की थी। उसकी शिकायत का समाधान हो गया था। इसी के बाद वह दोपहर 1:15 बजे एसपी को धन्यवाद देने पहुंचीं। इस भावुक पल का वीडियो सामने आया है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… पानी की शिकायत लेकर पहुंची थीं डीएम ऑफिस मामला कानपुर देहात मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बरौर थाना क्षेत्र का है। सिथरा बुजुर्ग गांव की रहने वाली नीतू द्विवेदी दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। वह बैसाखियों के सहारे चलती हैं। नीतू अपने पति अनिल कुमार और दो बच्चों के साथ रहती हैं। पति मजदूरी करते हैं। बेटा राहुल बीएससी और बेटी प्रिया (18) इंटर में पढ़ रही हैं। करीब दो महीने पहले नीतू अपनी बेटी के साथ डीएम ऑफिस पहुंची थीं। उन्होंने गांव में पानी की समस्या की शिकायत की थी। नीतू ने बताया था कि गांव में पानी की सप्लाई हो रही है, लेकिन उनके और आसपास के कुछ घरों में पानी नहीं आ रहा। दिव्यांग होने की वजह से नीतू को दूर से पानी लाने में काफी परेशानी होती थी। उन्होंने अधिकारियों से पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग की थी। एसपी ने पुलिस भेजकर शुरू कराई पानी की सप्लाई नीतू का आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जल विभाग के कर्मचारी उनसे बदतमीजी से बात करते हैं और धमकाते भी थे। पानी की समस्या को लेकर वह कई बार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा चुकी हैं। नीतू को हर बार करीब 25 किलोमीटर दूर आना-जाना पड़ता है। इसमें किराए के तौर पर सैकड़ों रुपए खर्च हो जाते हैं। दिव्यांग होने की वजह से उन्हें यह परेशानी और ज्यादा होती थी। नीतू का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें वे एक कार्यालय से बाहर बैसाखियों के सहारे निकल रही हैं। इसके बाद एसपी श्रद्धा पांडेय ने मामले को गंभीरता से लिया। मामला पुलिस विभाग से जुड़ा नहीं था। इसके बावजूद एसपी ने स्थानीय थाना पुलिस को नीतू के घर भेजा। पुलिस ने संबंधित अधिकारियों से बात की। इसके बाद नीतू के घर पानी की सप्लाई शुरू करा दी गई। वीडियो जारी करके भी जता चुकी थी आभार पानी की सप्लाई शुरू होने के बाद नीतू ने एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने पुलिस का आभार जताया था। लेकिन एसपी के प्रति उनकी कृतज्ञता यहीं खत्म नहीं हुई। वह शुक्रवार को ऑटो बुक करके एक बार फिर एसपी ऑफिस पहुंचीं। इस बार नीतू किसी शिकायत के लिए नहीं आई थीं। वह एसपी का शुक्रिया अदा करने पहुंची थीं। एसपी से मिलते ही नीतू भावुक हो गईं। खुशी के आंसू उनकी आंखों से छलक पड़े और रोने लगीं। एसपी श्रद्धा पांडेय पहले कुछ समझ नहीं पाईं। उन्होंने नीतू को गले लगाकर संभाला। इसके बाद नीतू ने अपने साथ लाया पेन एसपी को गिफ्ट किया। नीतू ने कहा कि मैडम बहुत सरल हैं। वह उनसे बेहद अच्छे से मिलीं। उन्होंने यह भी कहा कि आगे कभी कोई परेशानी हो तो सीधे उन्हें बताएं। हरसंभव मदद का भरोसा दिया। एसपी बोलीं- कोई तो काम से खुश होकर आया एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने मुस्कुराते हुए कहा कि यहां अक्सर लोग नाराज होकर, लड़ते हुए या शिकायत लेकर आते हैं। अच्छा लगा कि कोई अपने काम से खुश होकर आभार जताने भी आया। ——————– यह खबर भी पढ़ें… यूपी के अफसर की सरकारी गेस्ट हाउस में लाश मिली:कमरा अंदर से बंद था, दरवाजा तोड़कर घुसी मध्य प्रदेश पुलिस बाराबंकी के रहने वाले सीनियर इनकम टैक्स ऑफिसर की मध्य प्रदेश में गुरुवार रात मौत हो गई। उनकी कटनी में बंद कमरे में लाश मिली है। वह आयकर विभाग के रेस्ट हाउस में ठहरे थे। बिस्तर पर शव पड़ा था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शरीर पर चोट के निशान भी नहीं हैं। घटनास्थल माधवनगर के बरगवां में है। पढ़ें पूरी खबर…