ऑपरेशन सिंदूर- कर्नल सोफिया कुरैशी का यूपी कनेक्शन:झांसी में पढ़ाई की, यहीं मेजर बनीं; भतीजी बोली- हर मुसलमान गलत नहीं होता

‘मुझे अपनी खाला पर प्राउड है। जो लोग कहते हैं कि हर मुसलमान आतंकवादी है। हर मुसलमान बुरा नहीं है, यह उन्होंने साबित किया। मैं उनके जैसा ही बनना चाहती हूं। मेरे पिताजी भी उनके जैसा बनने के लिए हमें प्रेरित करते हैं। उनकी फोटो-वीडियो हमें दिखाते हैं।’ यह कहना है ऑपरेशन सिंदूर से चर्चा में आईं कर्नल सोफिया कुरैशी की भतीजी जोया कुरैशी का। सोफिया का यूपी के झांसी से गहरा नाता है। यहां अपने ताऊ के घर पर रहकर उन्होंने 5वीं तक की पढ़ाई की। झांसी में तैनाती के दौरान उन्हें प्रमोशन मिला और वे मेजर बनीं। दैनिक भास्कर टीम झांसी के नौगांव में स्थित सोफिया के ताऊ के घर पहुंची। जोया के चचेरे भाई-बहन और चाचा से बात की। चचेरी बहन शबाना ने बताया- सोफिया जुड़वां बहनें हैं। उनकी बहन शाइना कुरैशी मिस इंडिया अर्थ-2017 रही हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… चचेरे भाई बोले- झांसी कैंट में पढ़ीं सोफिया, यहीं मेजर बनीं सोफिया के चचेरे भाई और मैकेनिकल इंजीनियर मोहम्मद रिजवान ने फोन पर बताया- सोफिया की शुरुआती पढ़ाई झांसी कैंट एरिया के भट्टा गांव स्थित प्राथमिक स्कूल से हुई। 1985-86 के दौर में यह कैंट एरिया में बना टेंपरेरी स्कूल था, जो अब बंद हो चुका है। सोफिया ने यहां 5वीं तक की पढ़ाई की। सोफिया शॉर्ट सर्विस कमीशन (एसएससी) के जरिए भारतीय सेना में चयन से पहले पीएचडी करने के साथ टीचिंग भी कर रही थीं। उन्होंने सेना में जाने के लिए इसे छोड़ दिया। झांसी में तैनाती के दौरान उनका मेजर पद पर प्रमोशन हुआ। यहां से उन्हें गांधीनगर, गुजरात में लेफ्टिनेंट कर्नल के तौर पर तैनाती मिली। गुजरात में तैनाती के दौरान ही उन्हें कर्नल रैंक पर प्रमोशन मिला। सोफिया छोटे से ही सेना में जाना चाहती थीं। उनके अंदर शुरू से ही देश सेवा करने का जज्बा था। मेरी बहन ने सेना में रहते हुए कई उपलब्धियां हासिल कीं। मार्च 2016 में जब वह लेफ्टिनेंट कर्नल थीं, तो उन्होंने बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में सेना की टुकड़ी का नेतृत्व किया। ऐसा करने वाली वह पहली महिला अफसर थीं। चचेरी बहन बोली- बचपन से पढ़ने में तेज थीं सोफिया चचेरी बहन शबाना कुरैशी ने बताया- सोफिया और उनकी बहन शाइना शुरू से पढ़ाई में काफी तेज थीं। 5वीं तक हम लोगों के साथ नौगांव में पढ़ाई की। इसके बाद ताऊजी का बड़ौदा ट्रांसफर हो गया। वे दोनों भी उनके साथ चली गईं। आजकल जो हिंदू-मुस्लिम चल रहा है, उसके बाद भी जो सोफिया ने किया, वह हम लोगों के लिए बहुत गर्व की बात है। मेरे पिताजी तीन भाई थे। सभी बीएसएफ में ही थे। अभी मेरा भाई भी बीएसएफ में तैनात है। चाचा बोले- मेरा पूरा खानदान आर्मी में
सोफिया के चाचा शहीद कुरैशी ने बताया- सोफिया मेरी भतीजी है। मेरा पूरा खानदान आर्मी में है। सोफिया ने जो किया, वह विरोधियों के लिए मुंहतोड़ जवाब है। पढ़ाई के कारण मेरी सोफिया से कम मुलाकात होती थी, लेकिन जब भी हुई, वह बस अपने नाना और बाबा की तरह आर्मी में जाने की बात करती थी। भतीजी बोली- सोफिया खाला हमारी रोल मॉडल सोफिया की भतीजी जोया कहती हैं- सोफिया खाला हमारी रोल मॉडल हैं। हम सभी उनकी तरह ही बनना चाहते हैं। उन्हें देखकर ही सोफिया के चचेरे भाई इकबाल बीएसएफ में भर्ती हुए। पूरे परिवार के लिए आज खुशी का मौका है। 18 देशों के युद्ध अभ्यास में सोफिया ने भाग लिया सोफिया कुरैशी ने 18 देशों के सैन्य अभ्यास में भाग लिया था। इसका युद्ध अभ्यास का आयोजन 2 मार्च से 8 मार्च तक पुणे में हुआ था। इनमें आसियान के सदस्य देशों के साथ-साथ जापान, चीन, रूस, संयुक्त राज्य अमेरिका, दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी वैश्विक शक्तियां शामिल थीं। सभी प्रतिनिधिमंडलों में सोफिया कुरैशी एक मात्र महिला अफसर थीं, जो किसी टुकड़ी का नेतृत्व कर रही थीं। यह उनकी नेतृत्व क्षमता, समर्पण और उत्कृष्टता का शानदार प्रमाण है। सोफिया कुरैशी 40 सदस्यों वाली भारतीय टुकड़ी की कमांडिंग ऑफिसर थीं। सोफिया ने Peacekeeping Operations (PKOs) और Humanitarian Mine Action (HMA) पर केंद्रित अहम प्रशिक्षण सत्रों का नेतृत्व किया। सोफिया कुरैशी ने 2006 में कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना मिशन में सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में सेवा दी थी। वह 2010 से (PKOs) से जुड़ी हुई हैं। कर्नल कुरैशी सिग्नल कोर में सर्विस देती हैं, जो आर्मी कम्युनिकेशन में एक्सपर्टाइज रखती हैं। उनके कामों में शामिल है… ——— यह खबर भी पढ़िए ऑपरेशन सिंदूर-24 मिनट में 9 आतंकी ठिकाने तबाह:यहीं कसाब-हेडली ने ट्रेनिंग ली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने भारत के सैन्य ऑपरेशन की जानकारी दी। पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के करीब 9 घंटे बाद सरकार, सेना और एयरफोर्स के अफसरों ने घटना की जानकारी दी। बुधवार सुबह 10:30 बजे मीडिया ब्रीफिंग से पहले एयर स्ट्राइक का 2 मिनट का वीडियो प्ले किया गया। पूरी खबर पढ़िए