कनपुरिया पानवाले ने ज्वेलर को दिए 1 लाख के सिक्के:बोला- पत्नी के लिए चेन बना दो, आंखों में आंसू लिए सुनाई पूरी लव स्टोरी

कानपुर की एक लव स्टोरी की यूपीभर में चर्चा हो रही। 22 साल के पति ने अपनी पत्नी को सोने की चेन गिफ्ट करने के लिए 1 साल तक सिक्के इकट्‌ठा किए। दरअसल, उनकी शहर के एचएएल चौराहा पर पान शॉप है। जब वो राजा बाजार के महेश ज्वेलर की दुकान पर 1.05 लाख रुपए के 10, 20 रुपए के सिक्के लेकर पहुंचे, तो शोरूम मालिक महेश वर्मा भी हैरान रह गए। उन्होंने कहा- भाई, इतने सारे सिक्के मैं मार्केट में किसे दूंगा। कोई लेगा नहीं, इसलिए मैं तुम्हें चेन नहीं बेच सकता। तुम कहीं और से खरीद लो। इस पर पति अभिषेक यादव भावुक हो गए। वह आंखों में आंसू लिए बोले- आपको मालूम नहीं कि मैंने ये सिक्के कैसे जोड़े हैं। इनकी कीमत का अंदाजा इस वक्त सिर्फ मैं ही समझता हूं। मैं अपनी पत्नी को एक सोने की चेन गिफ्ट करना चाहता हूं, बस आप ही मदद कर सकते हैं। इसके बाद महेश भी एक पानवाले की मोहब्बत को समझ गए। उन्होंने सिक्के अपने पास रखकर सोने की चेन देने का वादा किया। अब अभिषेक 15 नवंबर को अपनी पत्नी राखी को मायके से लेने जाएंगे। तब वो सोने की चेन गिफ्ट करेंगे। वहीं जब भास्कर ने अभिषेक की पत्नी से संपर्क किया। तो उन्हें इस सरप्राइज के बारे में पहले ही पता चल चुका था। उन्होंने कहा- मेरे हसबैंड मुझसे बहुत प्यार करते हैं। मैं बहुत खुश हूं। आई Love यू हसबैंड…। कानपुर की इस लव स्टोरी को और करीब से समझने के लिए दैनिक भास्कर की टीम अभिषेक के घर श्यामनगर पहुंची। पढ़िए रिपोर्ट… सवाल. आपको कैसे ख्याल आया कि पत्नी को सोने की चेन गिफ्ट करनी है‌? पति. जब मेरी शादी राखी से तय हुई थी। तब हमारी फोन पर बात होने लगी। बातो-बातों में उसने कहा कि मेरी इच्छा है कि मैं सोने की चेन पहनकर आपके साथ शॉपिंग करने जाऊं। मैंने उसी वक्त तय कर लिया था कि राखी को सोने की चेन दूंगा। सवाल. आपने शादी के तुरंत बाद सोने की चेन क्यों नहीं दी? पति. मेरे पास इतने रुपए नहीं थे। सोना भी बहुत महंगा था। इसलिए शादी के तुरंत बाद मैं ये गिफ्ट नहीं दे सका। फिर मेरे दिमाग में ये भी ख्याल था कि जाने कैसी लड़की हो? शादी चलेगी या नहीं, ये भी नहीं पता था। सवाल. फिर शादी के बाद ऐसा क्या हुआ, जो आपको लगा कि सोने की चेन गिफ्ट करनी चाहिए? पति. मैं दिनभर शॉप पर रहता था। मैंने देखा कि मैं चाहे कितने बजे भी घर वापस पहुंचता था। वो जागती रहती थी, खाना भी नहीं खाती थी। मेरे साथ ही खाना खाती थी। वो बहुत अच्छी लड़की है। सवाल. रुपए कैसे इकट्‌ठे किए? कितना समय लगा? पति. मैंने अपनी पान की दुकान पर सिक्के जोड़ना शुरू किए। धीरे-धीरे मेरे पास 10 और 20 के काफी सिक्के इकट्‌ठा हो गए। मैंने सिक्के गिने नहीं थे, लेकिन जब मुझे लगा कि इतने रुपए हो गए कि मुझे सोने की चेन मिल जाएगी, तब मैं सिक्कों की बोरियां लेकर राजा मार्केट के महेश ज्वेलर के पास पहुंच गया। सवाल. फिर शोरूम पर आपकी पसंद की चेन मिली या दिक्कत हुई? पति. वहीं पर तो असली दिक्कत हुई, इतने सिक्के देखकर शोरूम के मालिक महेशजी भड़क गए। फिर मैं क्या करता, उन्हें पूरी सिचुएशन समझाई। अपनी शादी और पत्नी की इच्छा पूरी करने की पूरी कहानी सुना दी। बताया कि मेरी एक छोटी सी पान की दुकान है। आप ही मेरी मदद करिए। सवाल. फिर शोरूम के मालिक कैसे माने? पति. मैं काफी भावुक हो गया था। उनसे रिक्वेस्ट की, तब महेश जी सिक्के लेने को तैयार हो गए। उन्होंने मेरी भावनाओं को समझा और 1.05 लाख के सिक्के लेकर मेरी चेन का ऑर्डर ले लिया। सवाल. चेन खरीदने पर आपको कैसा लगा? पति. उस दिन मैं काफी खुश हुआ, मुझे लगा कि मैं अब अपनी पत्नी की इच्छा पूरी कर सकूंगा और उसे सरप्राइज दूंगा कि उसकी सोने की चेन बनवाकर उसे पहना दूंगा। सवाल. तो क्या पत्नी को सरप्राइज कर सके? पति. अरे नहीं, पहली बात तो वो अपने मायके में है। दूसरी बात, ये सब हुआ, तो मेरी वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दी। फिर मेरी 1 खबर छप गई। वो मेरी पत्नी ने पढ़ ली। उसका फोन आया कि तुमने मेरे लिए चेन बनवा ली। सवाल. अब पत्नी को चेन कब देंगे? पति. वो 31 अक्टूबर को मायके से लौट रही हैं। इसके बाद ही उन्हें चेन दूंगा। अब पत्नी राखी की बात मुझे इंतजार है, कब घर जाऊं और मेरे पति मुझे चेन दें…
पत्नी राखी काफी खुश नजर आती हैं, वो कहती हैं- मैं 31 अक्टूबर को अपने मायके आई थी। इसी बीच मेरे पति ने मुझे सरप्राइज देने का प्लान बनाया, लेकिन मुझे 1 अखबार पढ़कर पता चला कि उन्होंने कानपुर में ऐसी कोशिश की है। फिर मैंने उन्हें फोन किया और थैंक्यू बोला। मेरे पति ने पूछा- तुम्हें कैसे पता चला? तब मैंने बताया कि मुझे अखबार से पता चला है। मेरे पति और मैं एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं, फिर मैंने ‘आई लव यू हसबैंड जी’ कहा। अब मुझे इंतजार है कि जल्द ही मैं घर पहुंच जाऊं और पति अपने हाथों से मेरे गले में सोने की चेन पहनाएं। …………….. ये भी पढ़ें – राहुल ने जिसे BJP समर्थित बताया, वो सरपंच नहीं:मथुरा से अपना नाम सुन चौंक गए; कांग्रेस नेता के दावों का सच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 5 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिस मथुरा के प्रह्लाद की तस्वीर दिखाई थी, उनसे दैनिक भास्कर ने हकीकत समझी। सामने आया कि प्रह्लाद मौजूदा सरपंच नहीं हैं। हां, 2015 से 2020 तक उनकी पत्नी चंदा देवी सरपंच रही थीं। राहुल गांधी ने प्रजेंटेशन के दौरान प्रह्लाद की BJP कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के भतीजे के साथ तस्वीरें भी शेयर की थी। बताया कि BJP समर्थित प्रह्लाद हरियाणा के होडल विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में भी शामिल हैं। साथ ही, उन्हीं डिटेल के साथ प्रह्लाद मथुरा विधानसभा की वोटर रिकॉर्ड में भी हैं। पढ़िए पूरी खबर…