कन्नौज में तेज रफ्तार ट्रक दुकानों में घुसकर पलटा:2 की मौत, दो गंभीर घायल, कई लोगों के दबे होने की आशंका; राहत-बचाव कार्य जारी

कन्नौज में तेज रफ्तार कोयले से भरा ट्रक बेकाबू होकर दुकानों में घुस गया और पलट गया। हादसे में 2 लोगों की मौत और दो लोग गंभीर घायल हो गए। जबकि कई लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने पहले एक बाइक और स्कूटी को टक्कर मारी। इसके बाद सीधे सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसा और पलट गया। हादसा छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के भाऊलपुर इलाके में हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग ट्रक और मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। कुछ स्कूली बच्चों के फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी और राहत दल की मदद से मलबा हटाकर दबे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है। हादसे की तीन तस्वीरें… सड़क हादसे में दुर्गा नगर निवासी अंशिका (14) पुत्री राजू और भावलपुर निवासी कन्हैयालाल (68) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पलिया बूंचपुर निवासी सोनू, अंकित और आदर्श पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आदर्श कन्हैयालाल की दुकान पर काम करता है। वहीं अंशिका 10वीं कक्षा की छात्रा है। वह सुबह 8 बजे स्कूटी से कोचिंग जा रही थी, जबकि कन्हैयालाल घटनास्थल पर फल की ठेली लगाते हैं। छिबरामऊ की भाजपा विधायक अर्चना पांडेय मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पुलिस की मदद के लिए कार्यकर्ताओं को लगाकर रेस्क्यू कार्य में सहयोग कराया। अर्चना पांडेय ने बताया कि भावलपुर तिराहा पर अक्सर भीड़भाड़ रहती है। रविवार होने के कारण आज भीड़ कम थी, वरना इससे भी बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी सीएम को दी जाएगी और पीड़ित परिजनों की हरसंभव सहायता कराई जाएगी। अपर जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार और एडिशनल एसपी अजय कुमार छिबरामऊ के अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। खबर लगातार अपडेट हो रही है।