यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। 60 से 80 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं प्रदेश में दोपहर के समय अचानक मौसम बदल गया। कानपुर, गोरखपुर, आजमगढ़ समेत 10 जिलों तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। जबकि वाराणसी में गर्मी बढ़ने के साथ गंगा नदी में कई जगह रेत के टीले दिखाई देने लगे हैं। पर्यावरण वैज्ञानिक प्रो. बीडी त्रिपाठी का कहना है कि नदी में पानी कम होने से उसका बहाव धीमा हो जाता है। इससे गाद और रेत तेजी से जमने लगती है। धीरे-धीरे नदी की गहराई कम होती जाती है और बीच नदी में बालू के टीले नजर आने लगते हैं, जैसा कि इस समय वाराणसी में दिख रहा है। गर्मी को देखते हुए बाबा विश्वनाथ का आम के रस, दही और गंगाजल से अभिषेक किया गया। मंगलवार की बात करें तो 42 डिग्री तापमान के साथ फर्रुखाबाद सबसे गर्म शहर रहा। वाराणसी में मंगलवार दोपहर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आई। आगरा में करीब एक घंटे तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। फुटपाथ धंसने से 25 फीट का गड्ढा बन गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तर-पश्चिम भारत में आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 5 जून तक यह पूरे प्रदेश को अपनी जद में ले लेगा। इससे पश्चिमी और पूर्वी यूपी में छिटपुट बारिश की संभावना है। ओले भी गिर सकते हैं। 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गर्मी से राहत बनी रहेगी। लू के आसार नहीं हैं। अगले 4 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। तस्वीरें देखिए- अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए यूपी के मौसम की पल-पल अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…