कानपुर में गर्मी का सितम, 12 बगुले मरे:मोतीझील किनारे बगुले मृत पाए गए; बारिश का इंतजार 2 दिन बढ़ा 14 जून से आसार

कानपुर में गर्मी का सितम चरम पर है। उमस और गर्मी ने मिलकर लोगों को जीना मुहाल कर दिया है। वहीं गर्मी के सितम से मोतीझील में एक दर्जन से अधिक बगुलों की मौत हो गई है। मोतीझील किनारे दीवारों पर बगुले मृत पाए गए। मौत का बड़ा कारण गर्मी ही बताया जा रहा है। फिलहाल जांच कराई जा रही है। सुपर हीटवेव ने बढ़ाई मुश्किलें
मंगलवार के मुकाबले बुधवार को तापमान कम रहे, लेकिन उमस ने वेटबल्ब की स्थिति का बढ़ा दिया। वहीं सुपर हीटवेव ने तापमान बढ़ा दिए हैं। तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक होकर 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए। जबकि मंगलवार को तापमान 44 डिग्री दर्ज किए गए थे। गुरुवार सुबह से कड़ी धूप निकली हुई है। 14 से बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक मौजूदा समय में कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय न होने से 2 दिन बारिश का इंतजार बढ़ गया है। 14 से 15 जून को बारिश के आसार हैं। जबकि 5 दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इससे लोगों को कड़ी धूप से राहत मिलेगी। वहीं न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री दर्ज किए गए। 20 से 25 के बीच आएगा मानसून
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि फिलहाल एक-दो दिन हीट वेव से राहत तो नहीं मिलेगी लेकिन इसके बाद बदली और बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है। नए पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मानसून की गति बढ़ेगी और इसके फिलहाल तय समय 20 से 25 जून के बीच प्रदेश में आ जाने की संभावना है।