कानपुर में बच्ची के दिल में टीबी की गांठ:4 घंटे धड़कन रोककर निकाली पत्थर जैसी झिल्ली, डॉक्टरों का दावा- यह दुनिया का पहला मामला

कानपुर के हृदय रोग संस्थान (LPS कार्डियोलॉजी) के डॉक्टरों ने एक 12 साल की बच्ची का करीब 4 घंटे तक ऑपरेशन कर उसे नई जिंदगी दी है। फतेहपुर की रहने वाली लक्ष्मी पटेल के दिल के दाहिने हिस्से (राइट एट्रियम) में टीबी की एक विशाल गांठ बन गई थी, जिसने खून के बहाव को लगभग रोक दिया था। LPS कार्डियोलॉजी के निदेशक डॉ. राकेश वर्मा का दावा है कि इस तरह का यह दुनिया का पहला मामला है, जिसे अब इंटरनेशनल मेडिकल जर्नल्स में प्रकाशन के लिए भेजा जाएगा। सांस लेना था मुश्किल, शरीर में आ गई थी सूजन फतेहपुर के खंडदेवर की रहने वाली लक्ष्मी को 24 फरवरी को संस्थान के सीवीटीएस विभाग में भर्ती किया गया था। उस समय बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी। उसे बैठे-बैठे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और पूरे शरीर के साथ-साथ पैरों में सूजन आ गई थी। जांच में पता चला कि दिल की धड़कन भी असामान्य है और हार्ट के आसपास पानी जमा है। इको जांच में हुआ बड़ा खुलासा डॉक्टरों ने जब लक्ष्मी की टीटीई और टीईई (हार्ट की विशेष जांच) की, तो रिपोर्ट देखकर सब हैरान रह गए। दिल के दाहिने हिस्से में 10×10 सेंटीमीटर की एक बड़ी गांठ मौजूद थी। यह गांठ दिल के वाल्व को पूरी तरह ढक चुकी थी, जिससे शरीर में खून का फ्लो सही ढंग से नहीं हो पा रहा था। इसके साथ ही दिल के ऊपर की सुरक्षा झिल्ली (पेरिकार्डियम) भी सामान्य से कहीं ज्यादा मोटी होकर 1 सेंटीमीटर तक पहुंच गई थी। शुरुआत में इसे ट्यूमर माना जा रहा था। हार्ट-लंग मशीन पर रखकर 4 घंटे चला ऑपरेशन मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए 14 मार्च को ऑपरेशन का फैसला लिया गया। डॉ. राकेश वर्मा के साथ डॉक्टरों ने टीम ने बच्ची को हार्ट-लंग मशीन पर लिया और दिल की धड़कन रोककर सर्जरी शुरू की। सबसे पहले दिल के ऊपर जमी मोटी और सख्त झिल्ली को बड़ी धमनियों से अलग किया गया। इसके बाद दिल की दीवार खोलकर उस विशाल गांठ को बाहर निकाला गया। ऑपरेशन के बाद जब गांठ की बायोप्सी कराई गई, तो पता चला कि वह ट्यूमर नहीं बल्कि टीबी का संक्रमण था। विश्व स्तर पर रिपोर्ट होगा यह दुर्लभ मामला LPS कार्डियोलॉजी के निदेशक डॉ. राकेश वर्मा ने कहा- दिल के अंदर टीबी की इतनी बड़ी गांठ और साथ में झिल्ली का इतना मोटा होना बेहद दुर्लभ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेडिकल लिटरेचर देखा लेकिन अब तक ऐसा कोई दूसरा केस सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा- यह संस्थान के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। फिलहाल बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और उसे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। इन डॉक्टरों की टीम ने किया सफल ऑपरेशन इस जटिल सर्जरी को अंजाम देने वाली टीम में सर्जिकल विभाग से प्रो. राकेश वर्मा, डॉ. सौरभ, डॉ. प्रभात, डॉ. श्रीराज और डॉ. लक्ष्मण शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. चांदनी, डॉ. सूरज, डॉ. उर्वशी, डॉ. निशा और डॉ. दीक्षा ने सहयोग किया। वहीं, हार्ट-लंग मशीन का जिम्मा डॉ. मुबीन ने संभाला और नर्सिंग स्टाफ में सुनीता, वैशाली व अनुज शामिल रहे। क्या है हार्ट लंग मशीन हार्ट-लंग मशीन एक जीवन रक्षक उपकरण है, जिसे कार्डियोपल्मोनरी बाईपास (CPB) मशीन भी कहा जाता है। इसका उपयोग ओपन-हार्ट सर्जरी के दौरान किया जाता है, जब हृदय को रोकने की आवश्यकता होती है। यह मशीन अस्थायी रूप से हृदय के पंपिंग और फेफड़ों के ऑक्सीजन लेने के कार्य को संभालती है, ताकि शरीर में रक्त का संचार बना रहे। ————————
ये खबर भी पढ़ें… कुलदीप यादव पत्नी वंशिका के साथ बांके बिहारी मंदिर पहुंचे:पूजा-दर्शन करके 56 भोग अर्पित किए; शादी के बाद पहली बार वृंदावन आए क्रिकेटर कुलदीप यादव ने पत्नी वंशिका के साथ वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन किए। वे मंगलवार शाम साढ़े 7 बजे मंदिर पहुंचे थे। दोनों ने देहरी (चौखट) पर इत्र लगाकर सेवा की। भगवान को 56 भोग अर्पित किए। शादी के बाद दोनों पहली बार मथुरा पहुंचे थे। पढ़िए पूरी खबर