कानपुर में सड़क 24 घंटे में बनी…और उखड़ भी गई:साइकिल के ब्रेक मारने पर गिटि्टयां उखड़ीं, पैरों से रगड़ा तो गड्‌ढे हुए; VIDEO देखिए

कानपुर में घाटमपुर तहसील के झंडापुर गांव में 400 मीटर सड़क में घोटाला हुआ है। 24 घंटे में बनी ये सड़क 24 घंटे में ही उखड़ गई। ग्रामीणों ने दिखाया कि साइकिल के ब्रेक मारते ही सड़क की गिटि्टयां उखड़ कर फैल गईं। ग्रामीणों से पैर से रगड़ा तो गड्‌ढे हो गए। गांव वालों ने विरोध किया, लेकिन ठेकेदार ने काम पूरा कर मशीनें समेटी और मौके से निकल गया। अब ग्रामीणों ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है और डीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत करने की तैयारी में हैं। भास्कर रिपोर्टर ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति देखी तो ग्रामीणों ने ये सब करके दिखाया। 2 तस्वीरें देखिए- 24 घंटे में सड़क बनाकर चले गए ठेकेदार
दैनिक भास्कर की टीम कानपुर से करीब 55 किलोमीटर दूर झंडापुर गांव पहुंची। गांव के अभय, सौरभ, गोविंद, सुमित, सुनील, पुनीत, मनीष और रविंद्र ने मौके पर हमें सड़क की हकीकत दिखाई। ग्रामीणों के मुताबिक ठेकेदार पीयूष कुशवाहा ने देर रात काम शुरू कराया और 24 घंटे के भीतर सड़क बना दी। लेकिन मानकों को ताक पर रखकर किया गया निर्माण अब जगह-जगह से उखड़ रहा है, कई हिस्सों में सड़क धंस चुकी है। ग्रामीण बोले- रोलर नहीं चला, मैटेरियल घटिया
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान न तो सही तरीके से पुराई की गई और न ही रोड रोलर चलाया गया। नतीजा यह कि किनारों से सड़क बैठ गई। गांव वालों का कहना है कि घटिया मैटेरियल का इस्तेमाल हुआ है, हालत यह है कि साइकिल सवार ब्रेक लगाता है तो सड़क उखड़ने लगती है। विरोध के बावजूद रात में कराया गया काम
ग्रामीणों ने बताया कि घटिया निर्माण का विरोध किया गया था, लेकिन ठेकेदार ने किसी की नहीं सुनी। रातों-रात काम पूरा कराकर मशीनें हटवा ली गईं। इसके बाद जब सड़क की हालत सामने आई तो अधिकारियों को फोन कर शिकायत की गई और सीएम पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया गया। जिला पंचायत सदस्य ने पहले ही उठाए थे सवाल
पतारी से जिला पंचायत सदस्य राजनारायण कुरील ने बीते दिनों कानपुर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को पत्र लिखकर चार सौ मीटर सड़क में घोटाले का आरोप लगाया था। उन्होंने ठेकेदार पीयूष कुशवाहा द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों में मानक दरकिनार करने और नाप में हेरफेर का आरोप लगाया था। डीएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
करोड़ों के कामों में गड़बड़ी का दावा
जिला पंचायत सदस्य का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार की फर्म ने जिला पंचायत क्षेत्र में 4 से 5 करोड़ रुपये के सीसी रोड, डामर रोड और खड़ंजा मार्ग के कार्य कराए हैं। इन सभी कार्यों में भी इसी तरह की अनियमितताओं की आशंका है। उन्होंने सभी कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने साधी चुप्पी
सड़क घोटाले और अनियमितताओं के सवाल पर जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने चुप्पी साध ली। संपर्क करने पर मीटिंग में होने की बात कहकर फोन काट दिया गया। ग्रामीणों की मांग- जांच हो, जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो
झंडापुर के ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे डीएम कार्यालय पहुंचकर आंदोलन करेंगे। उनका साफ कहना है- सड़क कागजों में पक्की है, जमीन पर नहीं। घोटाले की जांच कराकर सभी जिम्मेदारी पर कार्रवाई होनी चाहिए। ———————– ये खबर भी पढ़िए- फर्जी IAS बनकर युवती से 71 लाख वसूले: कानपुर में शादी के झांसे में लड़की ने गहने-कैश दिए, मांगने पर ब्लैकमेल किया; आरोपी अरेस्ट कानपुर में एक युवती को शातिर युवक ने पहले खुद को सरकारी बैंक का अधिकारी बताकर प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद IAS में सिलेक्शन होने की बात कही। लड़की से शादी करने का झांसा दिया। सिलेक्शन के नाम पर लाखों रुपए की जरूरत होने की बात कही। रुपए मांगे। इस पर लड़की ने करीब कैश और गहने मिलाकर करीब 71 लाख रुपए दे दिए। पढ़ें पूरी खबर…