कानपुर में 150 घरों में घुसा बाढ़ का पानी:SDM घुटनों तक पानी में उतरे, प्रयागराज में लेटे हनुमानजी मंदिर 6 दिन से जलमग्न

यूपी में मानसूनी बारिश से गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। इससे 3.53 लाख लोग प्रभावित हैं। अब तक 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है। फिलहाल 4,847 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। कानपुर में पांडु नदी का पानी कई बस्तियों में घुस गया। यहां घरों में 6 से 7 फीट तक पानी भरा है। पिपोरी गांव का निरीक्षण करने के लिए DM जितेंद्र प्रताप सिंह और SDM सदर अभिनव सिंह मोटर बोट से पहुंचे। SDM ने घुटनों तक पानी में उतरकर हालात का जायजा लिया। प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर हैं। शुक्रवार को लगातार छठे दिन भी लेटे हुए हनुमानजी जलमग्न हैं। मंदिर चारों तरफ से पानी से घिरा है। गर्भगृह डूब चुका है। वाराणसी और उन्नाव की गलियों में नावें चलीं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर घटने से सड़कों पर कीचड़ हो गया। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 63 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 49.8 मिमी बारिश ललितपुर में हुई। शनिवार को प्रदेश के 71 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें मुरादाबाद, गाजियाबाद और रामपुर समेत 14 जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। बारिश और बाढ़ की वजह से प्रदेश में 2 दिन में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उठा कम दबाव का क्षेत्र अब आगे बढ़कर उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश के पास पहुंच गया है। इसके साथ ही हवा का एक चक्रवात उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना हुआ है। इन दोनों वजहों से यूपी में मानसून बहुत मजबूत हो गया है। अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। आज कहां-कहां बारिश हो सकती है? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…