कानपुर में 4 सेकेंड में 4 बम मारे; VIDEO:क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के घर वारदात, कार की नंबर प्लेट पर कालिख पोत रखी थी

कानपुर के जरौली में क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के घर शुक्रवार रात बमबाजी की गई। मनोज सिंह भदौरिया के घर पहुंचे 3 बदमाशों ने 4 सेकेंड में 4 बम फेंके। बदमाश सफेद रंग की ऑल्टो कार से पहुंचे थे। गाड़ी की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट पर काला रंग पोत रखा था। दो बदमाशों ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था। जबकि तीसरे युवक का मुंह खुला था। बम की आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकले। लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। मनोज सिंह भदौरिया ने पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने बर्रा थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शनिवार देर शाम पुलिस ने 2 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। 2 तस्वीरें देखिए… कार से उतरते ही गाली-गलौज की, फिर बम मारे
जरौली फेस-वन के रहने वाले मनोज सिंह भदौरिया अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया- शुक्रवार रात मैं अपने घर पर था। तभी रात करीब 9:30 बजे घर के बाहर एक सफेद रंग की ऑल्टो कार आकर रुकी। कार से तीन युवक उतरे। इसमें दो ने अपना चेहरा ढका हुआ था, जबकि तीसरे का चेहरा खुला था। कार से उतरते ही बदमाशों ने गाली-गलौज की। फिर मेरे घर पर एक के बाद एक 4 बम मारे। मैं बाहर निकलता, इससे पहले बदमाश कार से फरार हो गए। बमबाजी से मेरे घर की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं।मैंने डॉयल-112 पर फोन करके घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसमें बदमाशों की तस्वीर कैद हो गई। बमबाजी करने वाले 2 अरेस्ट, तीसरे की तलाश में दबिश
बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखे। शनिवार देर शाम पुलिस ने 2 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम बाबूपुरवा, नयापुरवा निवासी अंश यादव और बर्रा विश्व बैंक बी ब्लॉक निवासी कृष्णा परिहार बताए। जबकि उनके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। आरोपियों ने बताया कि हम लोग जरौली में रहने वाले हिस्ट्रीसीटर अजय ठाकुर के घर में बमबाजी करने गए थे। मगर भूलवश क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के घर में बमबाजी कर दी। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि फॉरेंसिक को मौके पर बुलाया गया था। उन लोगों ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। बर्रा पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर कार की पहचान कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि बर्रा थाने के दो हिस्ट्रीशीटरों अजय ठाकुर व अमन वर्मा के बीच वर्चस्व को लेकर जंग चल रही है। हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा ने आरोपियों को महासभा अध्यक्ष के घर के पास रहने वाले हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर के घर पर बम और पत्थर मारने के लिए भेजा था। हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा जेल में है। जबकि हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर इस वक्त बाहर है।
अब वीडियो में जो दिख रहा, वो पढ़िए… बदमाशों के घर पर बमबाजी करने का 2 मिनट का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि मनोज सिंह भदौरिया के घर के बाहर एक सफेद रंग की ऑल्टो कार आकर रुकती है। फिर बदमाश कार को घर के सामने से यू टर्न लेकर आगे मोड़ पर खड़ा कर देते हैं। इसके बाद कार से 3 लोग उतरते हैं। इनमें दो नकाबपोश के हाथ में एक-एक बम है। जबकि तीसरे बदमाश के दोनों हाथों में बम होता है। तीनों आरोपी एक के बाद एक मकान पर बम फेंकते हैं। इसके बाद कार में बैठकर फरार हो जाते हैं। ——————- ये खबर भी पढ़िए- मां-बेटी की हत्या की, फिर नोट बिछाकर नाचा BA पास: गोरखपुर में साथ में विस्की पिया और सिर कूच दिया, जानिए कैसे खुला राज गोरखपुर के शाहपुर इलाके में मां-बेटी की हत्या करने वाला BA का छात्र रजत वीडियो के चक्कर में पकड़ा गया। दरअसल, गहने और कैश के लिए उसने डबल मर्डर किए। फिर लूट का माल लेकर वह अपने घर लौटा। अपने कमरे में उसने लूटे गए 4.50 लाख रुपए चारों तरफ बिखेर दिए। फिर इन करेंसी नोट पर कूद-कूदकर खूब डांस किए। उसके नाबालिग भांजे ने डांस करते वक्त मोबाइल से वीडियो भी बनाया। यही वीडियो उसके लिए काल बना। वारदात के 13 दिन बाद पुलिस इस फुटेज के आधार पर 6 दिसंबर को हत्याकांड सुलझाने में सफल हुई। पढ़ें पूरी खबर…