कानपुर स्टेशन पर KGMU की महिला डॉक्टर को पीटा:2 लड़कों ने कई थप्पड़ मारे, बाल पकड़कर लड़ाया; सीट को लेकर विवाद हुआ था

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन में KGMU की पीएचडी स्कॉलर महिला यात्री से मारपीट की गई। महिला का कहना है कि वह लखनऊ से कानपुर जा रही थीं। कानपुर स्टेशन उतरते समय एक रेल कर्मचारी की फैमिली ने उनके साथ मारपीट की। उनके बेटों ने पहले थप्पड़ मारे। बाल पकड़कर सिर सीट पर लड़ा कर दबोच दिया और मारने-पीटने लगे। इसके बाद देख लेने की धमकी दी। महिला डॉक्टर ने जीआरपी थाने में शिकायत दी है। पीड़िता के पति कानपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर हैं। घटना की सूचना मिलते ही वह जीआरपी थाने पहुंचे। जीआरपी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीएचडी स्कॉलर लखनऊ से कानपुर आने वाली आगरा इंटरसिटी ट्रेन से यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान सीट को लेकर उनका अन्य महिला यात्री और उसके परिवार से कहासुनी हो गई थी। मामला शुक्रवार शाम का है। अब पढ़िए पूरा मामला… प्रियंका शर्मा लखनऊ के केजीएमयू (किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) में पीएचडी स्कॉलर हैं और पैथोलॉजी विभाग से जुड़ी हैं। उनके पति डॉ. भावेश शर्मा, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में ऑर्थो विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। प्रियंका शर्मा ने बताया कि वह शुक्रवार को लखनऊ से कानपुर आने वाली AF इंटरसिटी ट्रेन (संख्या 12179) से सफर कर रही थीं। वह कोच D2 की सीट नंबर 13 विंडो सीट पर बैठी थीं। सफर के दौरान बगल वाली खाली सीट पर एक पुरुष और एक महिला आकर बैठ गए। उनके साथ 2 युवक भी थे। ‘हमें कोई ट्रेन से उतार नहीं सकता’
प्रियंका शर्मा का आरोप है कि ट्रेन में बैठा पुरुष इस तरह से बैठा था कि उन्हें अपनी सीट पर बैठने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने साथ बैठी महिला से कहा कि अपने साथी को ठीक से बैठने को कहें। जिस पर वह गुस्सा हो गईं और चिल्लाने लगीं। उन्होंने उस समय कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुप रहीं। शाम करीब 5.15 बजे जब ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचने वाली थी और वह उतरने के लिए उठीं, तभी महिला और उसके परिवार के सदस्य कृष्णा, साधना और आर्यन उन्हें पकड़कर मारने लगे। आरोप है कि इन लोगों ने उनके बाल खींचे, थप्पड़ मारे और धमकी दी कि हमें ट्रेन से कोई नहीं उतार सकता। सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच की जा रही
घटना की जानकारी मिलते ही कई डॉक्टर कानपुर सेंट्रल स्थित जीआरपी थाने पहुंचे। प्रियंका शर्मा के पक्ष में कार्रवाई की मांग की। जिस महिला पर मारपीट का आरोप है, उसके पति रेलवे विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं। हालांकि, अब तक दूसरा पक्ष सामने नहीं आया है। इस मामले में जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि एक पक्ष की शिकायत मिली है। उसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष की शिकायत मिलने पर उस पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।ट्रेन के कोच में मौजूद यात्रियों के बयान और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। ———————— ये खबर भी पढ़िए… इकलौते बेटे को बर्थडे पर बुलेट दिलाई, उससे ही मौत:लखनऊ में बहन को स्कूल छोड़कर घर आ रहा था, बस से टकराया लखनऊ में बुलेट सवार 11वीं का छात्र और उसका दोस्त बस से टकरा गए। इससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। शुक्रवार सुबह छात्र अपनी बहन को स्कूल छोड़कर दोस्त के साथ घर लौट रहा था। स्कूल से निकलते ही एक प्राइवेट बस से टकरा गया। पढ़ें पूरी खबर…