कार ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंदा…8 की मौत:अंबेडकरनगर में बाइक सवार घायलों की मदद कर रहे थे, तभी कार ने कुचल दिया

यूपी के अंबेडकरनगर में बेकाबू कार ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंद दिया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 12 बजे पहले दो बाइकों की टक्कर हुई, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार आई और लोगों को कुचल दिया। हादसा जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर जलालपुर के अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास हुआ। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी जलालपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…