बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री वाराणसी पहुंचेंगे। वह यहां हिन्दी साहित्य के महाकथाकार पद्मश्री पंडित मनु शर्मा पर आधारित पुस्तक ‘अग्निरथ का सारथी’ का विमोचन करेंगे। कार्यक्रम सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में शाम 5 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे। जबकि केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। 2 तस्वीरें देखिए… आयोजन मनु शर्मा की 98वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। 28 अक्टूबर 1928 को फैजाबाद (अब अयोध्या) के अकबरपुर में जन्मे मनु शर्मा ने हिन्दी साहित्य को कई कालजयी कृतियां दीं। उनका प्रसिद्ध उपन्यास ‘कृष्ण की आत्मकथा’ आठ खंडों में प्रकाशित हुआ था। इसे हिन्दी का सबसे बड़ा उपन्यास माना जाता है। मनु शर्मा की अन्य प्रसिद्ध रचनाओं में ‘कर्ण की आत्मकथा’, ‘द्रोण की आत्मकथा’, ‘द्रौपदी की आत्मकथा’, ‘एकलिंग का दीवाना’ और ‘गांधी लौटे’ शामिल हैं। उनकी कविताएं और रेखाचित्र आपातकाल के दौरान जनवार्ता में प्रकाशित हुए। साहित्य में योगदान के लिए मनु शर्मा को पद्मश्री, यश भारती, लोहिया साहित्य सम्मान, सुब्रमण्यम भारती सम्मान और मानद डी.लिट् जैसी कई उपाधियां मिलीं।