बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का गुरुवार को सातवां दिन है। दिल्ली और हरियाणा से होते हुए आज पदयात्रा मथुरा में दाखिल हो रही है। मथुरा में 55 किलोमीटर की यात्रा चार दिन में पूरी की जाएगी। बुधवार रात रात्रि-विश्राम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री के मंच पर कवि कुमार विश्वास पहुंचे। कुमार विश्वास ने कहा, “यह नया भारत है। आतंकवाद ने आपको ललकारा है। दिल्ली की घटना ने देश को तबाह करने की कोशिश की। भीख में मिले हथियारों से दहशत फैलाने की कोशिश की गई, लेकिन भारत अब घर में घुसकर मारना सीख गया है। अगर उनका कोई एजेंट इस भीड़ में है, तो सुन ले। अगर इस प्रकार की नीचता की हरकत नए भारत में की तो एक युवा संत चलेगा, उसके पीछे करोड़ों भारतीय चलेंगे।” गुरुवार शाम हरियाणा के पलवल में धीरेंद्र शास्त्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके चलते वे सड़क पर ही लेट गए। डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया। जांच में उनका तापमान 100 डिग्री से अधिक पाया गया। डॉक्टर ने उन्हें दो दिन आराम करने की सलाह दी, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री ने दवा खाई और कुछ देर आराम करने के बाद फिर से पदयात्रा पर निकल पड़े। दिल्ली ब्लास्ट के बाद धीरेंद्र शास्त्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पहले पुलिस की तीन कंपनियां सुरक्षा दे रही थीं, अब दो कंपनियां और बढ़ाई गई हैं। पदयात्रा में उनके साथ करीब एक लाख लोग चल रहे हैं। वहीं, यात्रा में लोग ढोल-नगाड़े बजाते हुए शामिल हो रहे हैं। पहले कुछ तस्वीरें देख लीजिए… पदयात्रा के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…