खेलते-खेलते 12वीं मंजिल से गिरा 3 साल का बच्चा, मौत:नोएडा में मां बड़े बेटे को ट्यूशन छोड़ने गई थी; घर पर अकेला था

नोएडा के एक अपार्टमेंट में 12वीं मंजिल से गिरकर 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। मां उसे घर में अकेले छोड़कर बड़े बेटे को ट्यूशन के लिए छोड़ने गई थी। बच्चा खेलते-खेलते बालकनी में पहुंच गया। वहां रखी कुर्सी पर चढ़कर रेलिंग से झांकने लगा, तभी बच्चा नीचे गिर गया। उसके गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़कर पहुंचे। मां को फोन किया और तुरंत बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां पहुंची तो बच्चे की हालत देखकर बेहोश हो गई। शुक्रवार दोपहर की यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के गौर सिटी-2 की है। घरवालों ने बिना पुलिस कार्रवाई किए बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया। बालकनी में रखी कुर्सी पर चढ़कर झांक रहा था
7th एवेन्यू सोसायटी के फ्लैट नंबर E-1237 में संजय पाल परिवार के साथ रहते हैं। संजय सैम इंडिया कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत हैं। पत्नी मंजू पाल गृहिणी हैं। उनका बड़ा बेटा 7 साल का है और छोटा बेटा सागनिक 3 साल का था। बड़ा बेटा यूकेजी में पढ़ता है। वह सोसाइटी के पास ही ट्यूशन पढ़ने जाता है। शुक्रवार को छोटा बेटा सागनिक सो रहा था। मां मंजू उसे सोते हुए फ्लैट में छोड़कर बड़े बेटे को ट्यूशन के लिए छोड़ने चली गईं। सागनिक फ्लैट में अकेला था। सोकर जागा तो खेलते-खेलते बालकनी में चला गया। वहां कुर्सी रखी थी। सागनिक उसी पर चढ़ गया और रेलिंग से बाहर झांकने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 12वीं मंजिल से सीधे नीचे गिर गया। पड़ोसी बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे
बच्चे के नीचे गिरने पर पहुंचे पड़ोसी और गार्ड ने अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान बच्चे की मां को भी सूचना दी। मां अस्पताल पहुंची तो बच्चे को देखकर चिल्लाकर रोते हुए बेहोश हो गई। मां ने बताया- मैं हमेशा बेटे को साथ लेकर ही बड़े बेटे को ट्यूशन छोड़ने जाती है। उसकी नींद न टूटे, इसलिए आज उसे सोते हुए छोड़कर चली गई थी। पड़ोसियों के अनुसार, बच्चे के सिर और शरीर पर गंभीर चोट आई थी। एसीपी बिसरख पवन कुमार ने बताया कि परिवार मूलरूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। जुलाई- 2025 से परिवार ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रह रहा था। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसी वजह से शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नहीं भेजा गया। ………………. ये खबर भी पढ़िए- काशी में BSC छात्र का आधी रात अंतिम संस्कार, हत्यारोपी दंबग, नाम में माफिया लगाता है वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) कैंपस में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह (21) की शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी छात्र मंजीत सिंह चौहान (21) को देर रात गिरफ्तार कर लिया। भागने की फिराक में उसका एक पैर टूट गया था। थाना शिवपुर में उसे लाकर पूछताछ की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर