गंगा बैराज से 4.36 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा:लखीमपुर में 1 सेकेंड में 2 घर नदी में समाए, 50 जिलों में बारिश का अलर्ट

यूपी में आज से फिर मानसूनी बारिश तेज होगी। अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर डेंजर लेवल से 15 सेमी ऊपर बह रहा है। गुरुवार सुबह काले घने बादल छाए हैं। शहर में हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। लखनऊ में भी बादल छाए हैं। आज 50 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जिनमें 8 जिलों में भारी बरसात की चेतावनी है। अब तक की बात करें तो प्रदेश में मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक बराबर बारिश हुई है। यानी, मौसम विभाग ने 520 मिमी बारिश का अनुमान जताया था और 521.8 मिमी बारिश हो चुकी है। कानपुर में बैराज पर गंगा का जलस्तर 114.79 मीटर है। दो दिन से पानी स्थिर बना है। यह खतरे के निशान से महज 21 सेंटीमीटर कम है। वहीं, नरौरा से 1,34,584 और हरिद्वार से 1,34,433 क्यूसेक पानी आया। बैराज के सभी 30 गेट खोलकर 4,36,807 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बैराज निर्माण खंड-2 के अधिशासी अभियंता पंकज गौतम ने बताया कि दो दिन से स्थिति सामान्य है। बारिश न होने से अब जलस्तर घटने की उम्मीद है। बुधवार की बात करें तो 18 जिलों में महज 0.5 मिमी बारिश हुई, जो मौसम विभाग के अनुमान 6.4 मिमी से 92% कम है। लखीमपुर में शारदा नदी कटान कर रही है। यहां दो ग्रामीणों के मकान शारदा नदी में बह गए। बीते 15 दिनों में 13 मकान और एक पुराना शिव मंदिर नदी में समा चुके हैं। वहीं, सीतापुर में घाघरा नदी उफान पर है। बुधवार सुबह शुकुलपुरवा ग्राम पंचायत का प्राइमरी स्कूल 7 सेकेंड में नदी में समा गया। इस स्कूल में 146 बच्चे पढ़ाई करते थे। फर्रुखाबाद में गंगा और रामगंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 100 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। 2 तस्वीरें देखिए-
आज से एक्टिव हो रहा नया वेदर सिस्टम
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में 21 अगस्त से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो रहा है। साथ ही मानसूनी रेखा फिर से यूपी की ओर खिसकी है। इसके असर से हवाएं बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों से यूपी में पर्याप्त मात्रा में नमी लेकर आएंगी। अगले तीन-चार दिन यूपी में अच्छी बारिश होगी।
22 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम? UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….