गाजियाबाद की रामलीला में कार ने 3 को रौंदा- VIDEO:पैर की हड्डी टूटी, नोएडा से एमटेक कर रहे छात्र ने वारदात को दिया अंजाम

गाजियाबाद में एक तेज रफ्तार कार ने रामलीला पांडाल के किनारे सो रहे तीन दुकानदारों को रौंद दिया। उसके बाद कार चला रहा युवक घायलों को सड़क पर तड़पते हुए छोड़कर भाग गया। पास में ही सो रहे लोगों ने जब चीखने की आवाज सुनी तो दौड़कर बचाने पहुंचे। तब तक गाड़ी वाला आगे निकल चुका था। लोगों ने शोर मचाते हुए कार का पीछा। थोड़ी दूर चलकर भीड़ ने कार को चारों तरफ से घेर लिया। लेकिन कार चला रहा युवक नहीं रुका। उसने कार की स्पीड बढ़ाई और भाग निकला। लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एम्बुलेंस से घायलों को पास के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। तीनों के पैर में फ्रैक्चर है। अस्पताल में अभी उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर कार चला रहे युवक की पहचान कर ली है। उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। वह नोएडा के एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी से एमटेक की पढ़ाई कर रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। घटना 27 सितंबर को कवि नगर के रामलीला मैदान की है। इसका वीडियो आज सामने आया है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला कविनगर रामलीला मैदान में 7 दिनों से रामलीला का मंचन चल रहा है। रामलीला मैदान के अंदर लोगों ने अपनी दुकानें लगाई हुई हैं। रामलीला खत्म होने के बाद वे पांडाल के आस-पास ही सो जाते हैं। ताकि सुबह में समय पर दुकान खोल सके। 27 सितंबर को रामलीला खत्म होने के बाद दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर रात में सो रहे थे। तभी करीब पौने 4 बजे एक तेज रफ्तार आई-20 कार वहां से गुजरी। उस पर दिल्ली की नंबर प्लेट लगी थी। कार में दो युवक सवार थे। कार ने पहले मैदान के मुख्य गेट को तोड़ा, उसके बाद अंदर घुस गई। वहां जमीन पर कई दुकानदार और मजदूर सो रहे थे। कार तीन युवकों को रौंदते हुए आगे निकल गई। पहले तीन तस्वीरे देखिए शोर मचाने पर बचाने दौड़े लोग जमीन पर सो रहे युवक जोर से चीखने लगे। उनकी आवाज सुनकर पास में सो रहे लोगों की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने इशारे में बताया कि कार वाला उन्हें रौंदते हुए आगे की तरफ गया है। इसके बाद वहां मौजूद 40 से 50 लोग कार के पीछे दौड़ने लगे। लोगों ने आगे और पीछे से कार को घेर लिया। कार को रोकने के लिए हाथ दिखाने लगे। लेकिन कार चला युवक नहीं रुका। उसने गाड़ी की स्पीड बढ़ाई और तेजी से भीड़ के बीच से भाग निकला। सीसीटीवी की मदद से पकड़ा गया आरोपी लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एम्बुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उनका आज भी इलाज चल रहा है। तीन घायलों की पहचान रामगोपाल उर्फ पिंटु, विवेक और हरीश के तौर पर हुई है। तीनों के पैर की हड्डी टूट गई है। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से गाड़ी चला रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अलीगढ़ के रहने वाले ईशान सिंह के रूप में हुई है। वह एमटेक की पढ़ाई कर रहा है। रामलीला समिति ने कराई एफआईआर इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। कविनगर रामलीला समिति की ओर से इस थाने में शिकायती पत्र दिया गया है। जिसमें कहा गया कि रामलीला समिति कविनगर द्वारा रामलीला का मंचन और मेला चल रहा है। 27 सितंबर को कुछ अराजक तत्व शराब पीकर जबरन मेले में कार लेकर घुस आए। मैदान पर सो रहे दुकानदारों पर कार चढ़ा दी। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके रामलीला मैदान में सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं। पुलिस ने उनकी शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में SHO कवि नगर अनुराग शर्मा का कहना है कि आई 20 कार चला रहे शख्स की पहचान कर ली गई है। गाड़ी ईशान सिंह चला रहा था। वह अलीगढ़ का रहने वाला है। नोएडा के एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी से एमटेक की पढ़ाई कर रहा है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। ये खबर भी पढ़ें- यूपी में 39 करोड़ बीमा के लिए पिता का मर्डर, मां की भी हत्या की; पत्नी की मौत के बाद 80 लाख लिए हापुड़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने माता-पिता की हत्या कर उनकी मौत को सड़क हादसा दिखाया। 2017 में उसने मां की हत्या की और उनके नाम पर एक कंपनी से 22 लाख रुपए बीमा क्लेम वसूला। एक साल पहले उसने पिता की हत्या की और बीमा कंपनियों से 39 करोड़ रुपए का क्लेम किया। पढ़ें पूरी खबर