गाजियाबाद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। यह अभियान मोहननगर, इंदिरापुरम, मेरठ रोड और पेरिफेरल रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया गया। अभियान के दौरान प्रवर्तन दलों ने नियमित और आकस्मिक जांच की। जांच में निर्धारित भार क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे वाहनों को चिन्हित किया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। इसी क्रम में, 4-5 फरवरी 2026 की रात्रि में चलाए गए अभियान के दौरान ओवरलोड और कागजात समाप्त पाए गए कुल 25 वाहनों को जब्त किया गया। परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों को भविष्य में ओवरलोडिंग न करने की सख्त चेतावनी दी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग से सड़कों को क्षति पहुँचती है, दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है और आमजन की जान-माल को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। शासन द्वारा ओवरलोडिंग के विरुद्ध कठोर नीति अपनाई गई है। अभियान के अंतर्गत यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी कार्रवाइयां पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से हों। परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों, चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े सभी हितधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें, ओवरलोडिंग से बचें और सड़क सुरक्षा में सहयोग करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि यह प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी। यह अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अमित राजन राय और मनोज कुमार मिश्रा, तथा जिला खनन अधिकारी सौरभ चतुर्वेदी के नेतृत्व में चलाया गया।