गाजियाबाद में बकरीद पर केक काटा:चंदौली में नमाजियों की गाड़ी तोड़ी; संभल सांसद के घर के बाहर खून बिखरा मिला

यूपी में कड़ी सुरक्षा के बीच आज ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाई गई। मस्जिद और ईदगाह में सुबह से नमाजी पहुंचे। गाजियाबाद में लोगों ने बकरे की फोटो के साथ केक काटकर सांकेतिक कुर्बानी दी। मुस्लिमों ने कहा कि हमने भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर की अपील पर ऐसा किया। चंदौली में किसी ने नमाजियों की कार का शीशा तोड़ दिया। नाराज नमाजियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। संभल में सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर के बाहर खून बिखरा मिला। इसे लेकर इलाके के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। ईदगाह और जामा मस्जिद में नमाज के दौरान भारी संख्या में फोर्स तैनात रही। सीएम योगी, मायावती और अखिलेश यादव ने प्रदेशवासियों को बकरीद की बधाई दी। बरेली में इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष शहाबुद्दीन रजवी ने मौलानाओं से बकरीद पर आतंकवाद के खिलाफ तकरीर करने की अपील की थी। आगरा के ताजमहल में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज पढ़ी। प्रदेश में बकरीद पर करीब 30 हजार मस्जिद और 40 हजार ईदगाहों में नमाज अदा की गई। कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। कानपुर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह मरकजी ईदगाह पहुंचे। वहां नमाजियों को बधाई दी। 3 तस्वीरें देखिए… इससे पहले, सोमवार शाम सीएम योगी ने लॉ एंड ऑर्डर की बैठक की थी। इसमें कहा था बकरीद पर किसी भी प्रतिबंधित पशुओं जैसे गाय-नीलगाय और ऊंट की कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। कुर्बानी के लिए जिलों में तय स्थान है। उससे अलग कहीं कुर्बानी हो तो कार्रवाई करें। आस्था का सम्मान होना चाहिए। उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसे देखते हुए पूरे प्रदेश में पुलिस अलर्ट मोड पर है। जगह-जगह पुलिस पैदल मार्च कर रही है। ताकि, सड़कों पर कुर्बानी न हो। सीएम के आदेश के मुताबिक, अगर कहीं विवाद की स्थिति बनती है तो पुलिस ‘तहरीर’ मिलने का इंतजार न करे। तत्काल कदम उठाए। बकरीद से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…