गुरुग्राम में रहने वाले भीमसेना प्रमुख और संविधान सुरक्षा पार्टी (एसएसपी) के सुप्रीमो नवाब सतपाल तंवर पर देर रात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। वे गुरुग्राम से उत्तर प्रदेश के देवबंद गए थे। जहां उनकी कार पर हमला हुआ, जिससे कार के शीशे टूट गए। गोलीबारी के बाद सतपाल चोटिल होने के बाद बेहोश हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें देवबंद के शिफा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी जांच की गई। उसके बाद सरकारी अस्पताल में पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। उनके हाथ और गले पर कांच लगने के निशान लगे हैं। हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी। उधर, भीमसेना के समर्थकों ने देवबंद अस्पताल के बाहर रात में जुटना शुरू हो गए और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बता दें कि सतपाल तंवर हरियाणवी सिंगर सपना चौधरी के विवादित गाने को लेकर FIR करवाने पर चर्चा में आए थे। वहीं, उन्हें गैंगस्टर लॉरेंस के गैंग की तरफ से भी धमकियां मिल चुकी हैं। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… भीम सेना की हमलावरों को पकड़ने की मां भीमसेना और संविधान सुरक्षा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घटना पर गहरा आक्रोश जताया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि सतपाल तंवर को कुछ हुआ, तो उत्तर प्रदेश में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने हमलावरों को पकड़ने और उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। सपना चौधरी पर करवा चुके एफआईआर सतपाल तंवर पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं और कई बार विवादों में भी घिरे हैं। वो सपना चौधरी पर एफआईआर करने के बाद सुर्खियों में आए थे। 9 साल पहले के केस में उन्होंने आरोप लगाया था कि सपना ने जो रागिनी गाई थी, उसमें दलितों को टारगेट बनाया गया था। दलितों को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने सपना के खिलाफ मामला दर्ज कराया। लॉरेंस बिश्नोई से मिल चुकी धमकी उन्हें कई बार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, अभी हुए हमले के पीछे किसी संगठित गिरोह या व्यक्ति का नाम सामने नहीं आया है। फॉरेंसिक टीम ने कार के शीशे और आसपास के इलाके से सबूत जुटाए हैं। यूपी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।