गोरखपुर में गश्त पर निकले दरोगा सिपाही पर हमला:युवक ने दरोगा के चेहरे पर मारी ब्लेड; सिपाही को लाठियों से पीटा; एम्स रेफर

गोरखपुर में गश्त पर निकले दरोगा और सिपाही पर हमला हो गया। गश्त के दौरान एक गांव में एक युवक गाली दे रहा था। पुलिस वालों ने टोका तो उसने पर पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। दरोगा के चेहरे पर उसने ब्लेड से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गए। वहीं सिपाही को लाठी से पीट दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के बाद दरोगा और सिपाही को पीएचसी खोराबार पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज कर एम्स रेफर कर दिया। वहीं मनबढ़ युवक को खोराबार पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। घटना खोराबार गांव के घुठठ टोला की है। अब जानिए पूरा मामला…
खोराबार थाने पर तैनात दरोगा अनूप कुमार सरोज अपने साथी सिपाही राजेश के साथ रविवार को बाइक से क्षेत्र के ही गांव में गश्त पर निकले थे। रात करीब 10 बजे वह खोराबार गांव के घुठठ टोला के रास्ते जा रहे थे कि दुर्गेश पासवान सड़क पर खड़ा होकर अपने पड़ोसी को गाली दे रहा था। उसके हाथ में डंडा भी था। जो कोई कुछ बोल रहा था, तो उस पर वो हमला कर रहा था। पुलिस कर्मियों ने बाइक रोककर उसे टोका तो दुर्गेश को लगा कि उसके पड़ोसी ने पुलिस बुला लिया है। उसने पुलिस वालों पर पहले लाठी से हमला किया और बाद में ब्लेड मार दिया। दरोगा अनूप के चेहरे और गले पर ब्लेड लगा और वह घायल हो गए। उनकी वर्दी भी फाड़ दी। सिपाही पर लाठियों से किया हमला
सिपाही राजेश को भी उसने दो-तीन लाठी मार दी। सिपाही ने थाने पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोराबार ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर कर दिया। घटना के बाद खोराबार पुलिस कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले दुर्गेश को हिरासत में ले लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ शुरू की। सड़क पर खड़े होकर दे रहा था गाली, टोकने पर पुलिस पर हमला
दुर्गेश पासवान की पत्नी ने बताया- उनका बेटा दीपू एक सप्ताह पहले सड़क किनारे शौच कर रहा था। पड़ोस के किसी ने उसका वीडियो बना लिया था। उसी बात को लेकर उनके पति सड़क पर खड़े होकर वीडियो बनाने वाले को गाली दे रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि दरोगा अनूप कुमार सरोज ने कहा कि सड़क पर खड़े होकर क्यों गाली दे रहे हो। इतने में दुर्गेश पासवान आक्रोशित हो गया। दरोगा-सिपाही पर हमला कर दिया। जिसमे पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया- पुलिस कर्मियों पर हमले के आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। ——————- ये खबर भी पढ़ें… मुरादाबाद के रेस्टोरेंट में फायरिंग-तोड़फोड़:दो पक्षों में जमकर चले लात-घूसे, हाईवे पर भी दबंगों ने चलाई गोली मुरादाबाद में रविवार रात दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। रेस्टोरेंट में सरेआम फायरिंग और तोड़फोड़ की। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। यहां से बाहर निकलने के बाद भी दबंगों ने हाईवे पर फायरिंग की। वारदात दिल्ली रोड स्थित स्पाइस लाउंज एंड बार की है। पढ़ें पूरी खबर…