गोरखपुर में लुटेरे ने सीने पर लिखवाया ‘UP गैंगस्टर’:बोला- मुझे बनना है सबसे बड़ा गैंगस्टर, ट्रेन में यात्रियों से लूटता है पर्स-मोबाइल

एक दिन जिले ही नहीं प्रदेश का सबसे बड़ा गैंगस्टर बनने का सपना है। इस सपने को गजनी की तरह भूल न जाउं। इसलिए सीने पर गैंगस्टर यूपी लिखवाया है। यह कबूलनामा है गोरखपुर जीआरपी के शिकंजे में फंसने वाले शातिर लुटेरे गोविंद गौड़ उर्फ रूद्रा (22)का। रूद्रा लूट के मामले में फरार था। जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 3 चोरी के मोबाइल और तमंचा मिला। इस दौरान उसके शर्ट की बटन खुली थी। उसके सीने पर गैंगस्टर यूपी लिखा देख पुलिस चौंक गई। इस बारे में पूछने पर रूद्रा ने बताया- उसे एक दिन प्रदेश का सबसे बड़ा गैंगस्टर बनना है। इसीलिए सीने में गैंगस्टर यूपी लिखवाया। ताकि मेरी अलग पहचान हो सके। कम समय में अमीर बनने का सपना पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में आया। 4 बार जेल जा चुका हूं। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला…
गोरखपुर जीआरपी सीओ विनोद कुमार सिंह ने बताया- ट्रेन में आए दिन यात्रियों को डंडा मारकर मोबाइल व पर्स छीनने की घटना सामने आ रही थी। इसके रोकथाम के लिए स्पेशल टीम बनाई गई। टीम ने जब इन्वेस्टिगेशन किया। तब संत कबीरनगर के मेहदावल थाना क्षेत्र के बेलौली निवासी गोविंद गौड़ उर्फ रूद्रा का नाम सामने आया। यह गिरोह बनाकर आउटर पर ट्रेन में लूट की घटना को अंजाम दे रहा था। गोरखपुर जीआरपी को 11 अगस्त को रूद्रा के बारे में सूचना मिली। मुखबिर ने बताया- छावनी रेलवे स्टेशन के पास लूट करने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर शाम के समय उसे छावनी रेलवे स्टेशन से ही दबोच लिया। ट्रेन में बैठे यात्रियों से डंडा मारकर करता था लूट
पुलिस की पूछताछ में रूद्रा ने बताया- साहब हम योजना बनाकर लूट चोरी की घटना करते हैं। स्टेशन के आउटर पर ट्रेन में बैठे यात्रियों से डंडा मारकर मोबाइल छीन लेते हैं। उस मोबाइल को चलते फिरते ही राहगीर को बेच देते हैं। उससे जो पैसे मिलते हैं। उसे आपस में बांट लेते हैं। छावनी रेलवे स्टेशन पर भी लूट करने की फिराक में बैठा था। तभी पकड़ लिया गया। मैं यूपी का सबसे बड़ा गैंगस्टर बनना चाहता था। इस सपने को गजनी की तरह भूल न जाउं। इसलिए सीने पर गैंगस्टर यूपी लिखवाया है। लेकिन अब पकड़ लिया गया हूं। रूद्रा के खिलाफ दर्ज हैं 7 लूट के केस
छावनी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर बदमाश को गिरफ्तार किया। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया- रूद्रा के खिलाफ लूट के 7 केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह संत कबीरनगर में रहता है। लेकिन वहां अपराध नहीं करता है। वह जिले के बाहर जाकर अपराध करता है। सबसे अधिक केस उसके खिलाफ गोरखपुर जीआरपी में दर्ज हैं। यह बदमाश गोरखपुर में ही कैंट क्षेत्र के मोहद्दीपुर में ठिकाना बनाया हुआ था। यहां के आउटर स्टेशन पर जाकर यह घटना को अंजाम देता था। इसके गिरोह में अभी और भी बदमाश वांछित चल रहे हैं। इसने अपने गिरोह का नाम गैंगस्टर गैंग रखा है। इस गिरोह का लीडर रूद्रा है। उसके साथ 3 और बदमाश अपराध करते हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। —————– ये खबर भी पढ़ें… 50 लाख के लिए कराई बेटे की हत्या:वाराणसी में चाचा हिस्सा भतीजे को देने पर अड़े थे; मां दूसरी शादी करना चाहती थी वाराणसी में मां सोना ने अपने 10 साल के बेटे सूरज की हत्या करवा दी। जरिया बना वो बॉयफ्रेंड, जिससे सोना शादी करना चाहती थी। पुलिस ने सोना और उसके बॉयफ्रेंड फैजान से करीब 3 घंटे तक पूछताछ की। पढ़ें पूरी खबर…