गोरखपुर में सीएम बोले-कुछ लोग विकास से चिढ़ रहे:बच्चों को दुलराया, दही खिलाया; मेयर बोले- रविकिशन दोबारा शादी का सोच रहे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में इशारों-इशारों में सपा पर निशाना साधा। योगी बोले- जिन लोगों ने कभी प्रदेश का विकास नहीं किया। उन लोगों को प्रदेश और गोरखपुर के विकास से पीड़ा होती है। उनको चिढ़ होती है। वह लोग विकास होता नहीं देख सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के मानबेला और राप्तीसागर के कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। बोले- कल्याण मंडपम से यहां के गरीब और मिडिल क्लास के के लोगों को सस्ते में मांगलिक कार्यक्रम करने में सुविधा होगी। इसके पहले मुख्यमंत्री ने 2 छोटे बच्चों का अन्नप्राशन किया। बच्चों को तिलक लगाया। उनको पटका पहनाया और दही खिलाकर दुलराया। बच्चे मुस्कराए तो वह भी मुस्कराते रहे। साथ ही 3 गर्भवती महिलाओं की भी गोद भराई की। मेयर बोले- रविकिशन को दोबारा बियाह करैं का परी इस दौरान गोरखपुर के मेयर डॉ. मंगलेश ने कहा कि कल्याण मंडपम देखकर रविकिशन जी हमसे कह रहे थे कि लगता है अब दोबारा वियाह करैं का परी (दोबारा शादी करनी पड़ेगी)। जिसमें मुख्यमंत्री भी हंसते नजर आए। वहीं गोरखपुर के सांसद रविकिशन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के आने के बाद से गरीब, बहन बेटी का शोषण नहीं होता। वंचितों, शोषितों पर अब कोई अत्याचार नहीं कर सकता। हम सभी को उन पर गर्व है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 10 लोगों को उनके मकान के कागज सौंपे । जो गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदान किए गए हैं। देखिए तीन तस्वीरें योगी बोले- शायद आप लोगों को रविकिशन दावत पर बुला लें मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में हम एक साथ दो कल्याण मंडपम समर्पित कर रहे हैं। पहला मानबेला और दूसरा राप्तीसागर विस्तार में। क्या पता रविकिशन जी आपको यहां दावत पर बुला लें। इसीलिए हम यहां बनवा रहे हैं। आप यहीं घर के पास ही दावत का मजा ले सकते हैं। उसके लिए आपको शीशमहल नहीं जाना होगा।
गोरखपुर विधायक होने के नाते मैने विधायक निधि से इस कल्याण मंडपम की स्थापना की है। इसमें मांगलिक कार्यक्रम यहां पर सस्ते में कर सकते हैं। जिसकी फीस 11,15 और 25 हजार देकर आप अपना कार्यक्रम कर सकते हैं। गोरखपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम अब तक 5 मंडपम बना चुके हैं। हम कल्याण मंडपम सभी जिलों में बना रहे हैं। सस्ते में गरीबों को पक्का मकान दिला रहे हैं। जिनके पास जमीन है उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और जिनके पास जमीन नहीं है उन्हें प्राधिकरण मकान उपलब्ध करा रहे हैं। कम आय वालों को भी आवास मिला रहा है। यह नए भारत और नए उत्तर प्रदेश का नया गोरखपुर है। अब इंसेफ्लाइटिस से बच्चों की मौत नहीं होती आज गोरखपुर पहचान का मोहताज नहीं है। आज से 8 वर्ष पहले तक इंसेफ्लाइटिस से हजारों बच्चों की मौत हो जाती थी। लेकिन अब ऐसा नहीं होता है। अब माफिया प्रदेश में नहीं है। बेटी-मां की सुरक्षा को खतरा महसूस नहीं करते। नौजवान रोजी-रोजगार के लिए भटकने से रोका गया है। आज गोरखपुर फर्टिलाइजर हमने चालू कर दिया है। हमने उसकी कनेक्टिविटी तक फोर लेन कर दिया है। रामगढ़ ताल में भी अच्छी सड़कें बना दी है। रेलवे लाइन के उत्तर दक्षिण दोनों का हमने विकास किया है। हमने चिलुआताल का सुंदरी करण कराया है। हजारों लोग यहां रोज घूमने आ रहे हैं।
विकास के साथ हमने परिवार को घूमने का वातावरण उपलब्ध कराया है। लखनऊ में गोरखपुर की टीम के लिए रविकिशन को कमेंट्री करनी है। वह अभी 3 घंटे में वहां पहुंच जाएंगे। क्योंकि हमने सड़क की सही व्यवस्था कर दिया है। पहले चेहरा देखकर सुविधाएं मिलती थीं
2017 के पहले हम कितना भी सहयोग कर दें। लेकिन सरकार हमारा सहयोग नहीं करती थी। वह लोग चेहरा देखकर सुविधाएं देते थे। अब 57 लाख गरीबों को हमने गरीबों को आवास दिया है। चेहरा या पार्टी देखकर हमने सुविधाएं नहीं दी। पहले गरीब उपचार के लिए तरसता था। अस्पतालों में संसाधन नहीं थे। अब आयुष्मान कार्ड 70 साल के लोगों को फ्री इलाज कराते हैं। हमने 1 साल में 11 करोड़ रुपए गरीब को उपचार के लिए दिया है। कन्या सुमंगला योजना से लेकर शादी-विवाह तक की सुविधाएं हम दे रहे हैं। 1 लाख तक की सहायता हम दे रहे हैं। हमने गोरखपुर में 1600 कन्याओं का विवाह कराया। नई-नई फैक्ट्री लगा रहे हैं। पिपराइच में चीनी मिल, आयुष विश्वविद्यालय स्थापित हो गया है। पहले नौजवानों को दूसरे प्रदेश में जाते थे अब उन्हें गोरखपुर में ही रोजगार मिल रहा है। यह है सरकार की सकारात्मक सोच का परिणाम है। जिसका सबको लाभ मिल रहा है। प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में विकास को लेकर होड़ लगी है। कौन अच्छा और क्वालिटी के साथ काम कर सकता है। अंदर सभागार से लेकर मंडप, रसोई, टॉयलेट भी बनाया गया है। वह भी केवल 2.5 करोड़ में। यहां पर हम स्पोर्टस सिटी भी बना रहे हैं। अब बच्चों को खेल के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता है। वह भी विधायक निधि से बनाया गया है। यहां हर खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराया गया है। जिन्होंने विकास नहीं किया उन्हें अब चिढ़ होती है योगी ने कहा कि जिन लोगों ने कभी प्रदेश का विकास नहीं किया उन लोगों को प्रदेश और गोरखपुर के विकास से पीड़ा होती है। उनको चिढ़ होती है वह लोग विकास होता नहीं देख सकते हैं। हमें भी दुनिया के साथ आगे आना होगा। हमें 2047 में विकसित भारत होना है। हर चेहरे पर खुशहाली, हर हाथ को काम, सभी को अपना आवास और अपनी कमाई के साथ, बेटी सुरक्षित-व्यापारी सुरक्षित का संकल्प पूरा करना होगा। विधानसभा में हमने 24-25 घंटे तक लगातार बहस कर 2047 में अपना विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनाना है। हमें इसी भाव के साथ आगे बढ़ना होगा, सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ते हैं तो उसके परिणाम भी सकारात्मक हो रहे हैं। आज यूपी दंगा मुक्त और विकसित प्रदेश की लाइन में आगे आ गया है। एक लक्ष्य हमारी डबल इंजन की सरकार ने रखा था जिसे हमने पा लिया है। बच्चों और माताओं के चेहरे पर खुशी है आज दो बच्चों का अन्न प्राशन कराया। उनकी माताओं के चेहरे पर खुशी थी। पहले यही बरसात का सीजन होता था कि हर मा डरी रहती थी कि उनके बच्चे को नवकी बीमारी न हो जाये। हम लोग मेडिकल कालेज जाते थे। वहां कोई व्यवस्था नहीं थी। बिजली नहीं थी। हम आंदोलन करते थे। आज वहां बच्चों का एसी वार्ड है। रविकिशन ने कहा कि बच्चे हंस रहे हैं मैंने कहा कि इसलिए हंस रहे हैं कि उन्हें अपना भविष्य उज्ज्वल दिख रहा है। वह जान रहा है कि उसके जीवन खलल डालने वाले खत्म हो गए। हमे इन बच्चों का सम्मान करना चाहिए। पहले गरीब को उसके हाल पर छोड़ दिया गया था। आज बच्चे हंस रहे हैं क्योंकि अब बच्चों का भविष्य उज्ज्वल है। छोटे से बेटे और बेटी को हंसते हुए देखकर खुशी होती है। विधायक निधि से बने कल्याण मंडपम मानबेला में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA)ने बाबा गंभीरनाथ नगर वार्ड के मानबेला में 1500 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल में कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का निर्माण कराया है। इसका निर्माण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधायक निधि से कराया गया है। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन बताते हैं कि मानबेला के कन्वेंशन सेंटर का निर्माण 10 जून 2024 से प्रारंभ हुआ था और इसे तय समय सीमा से पूर्व ही तैयार कर लिया गया। तो तलों में निर्मित इसके भवन पर 2 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत आई है।
मानबेला के कल्याण मंडपम में 250 व्यक्तियों के विभिन्न कार्यक्रमों (विवाह, सामाजिक उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक उत्सव आदि) का आयोजन किया जा सकता है। कल्याण मंडपम में एक बड़े हाल के साथ किचन, स्टोर, चेंजिंग रूम तथा दोनों तलों पर महिलाओं एवं पुरुषों हेतु अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है। अंत्योदय कार्ड धारकों की बुकिंग 11 हजार में
मानबेला में बने कल्याण मंडपम का संचालन करने के लिए संचालक का चयन कर लिया गया है। यहां अंत्योदय कार्ड धारकों के लिए 11 हजार रुपए में बुकिंग की जाएगी। ऐसे लोगों के कम से कम 26 कार्यक्रम एक साल में करने होंगे। उसके बाद भी जो कार्यक्रम सामान्य लोगों के लिए होंगे, उसके लिए भी अन्य मैरेज हाल की तुलना में कम धनराशि ली जाएगी। राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद में भी 450 वर्गमीटर भूमि पर जीडीए ने करीब 85 लाख रुपये की लागत से एक अन्य कन्वेंशन सेंटर (कल्याण मंडपम) का निर्माण प्राधिकरण निधि से किया गया है। यह कल्याण मंडपम भी दो तलों में निर्मित है जिसमें 125 व्यक्तियों के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो सकते हैं। इसमें भूतल पर एक बड़ा मल्टीपर्पज हाल, महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, प्रथम तल पर दो रूम, बरामदा और ओपन टैरेस भी है। कल पैडलेगंज गुरुद्वारा के सुंदरीकरण कार्य का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री रविवार की सुबह लगभग 11 बजे पैडलेगंज स्थित गुरुद्वारा के सुंदरीकरण कार्य का उद्घाटन करेंगे। 2 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से सुंदरीकरण किया गया है। ————————————– ये खबर भी पढ़ेंः- कुलपति हरेराम तिवारी और उनकी पत्नी की हादसे में मौत:ड्राइवर को पीछे बैठाकर खुद चला रहे थे, मऊ में ट्रक में घुसी इनोवा यूपी के मऊ में महाराष्ट्र के कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति हरेराम तिवारी और उनकी पत्नी की मौत हो गई। शनिवार सुबह वह इनोवा कार से वाराणसी से अपने घर कुशीनगर जा रहे थे। मऊ के दोहरीघाट के पास उन्हें झपकी आ गई। इनोवा बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गई। पढ़ें पूरी खबर…