गोरखपुर में 5 किलो मछली के लिए चले लात-घूसे, VIDEO:30 मिनट तक नेशनल हाईवे जाम, पुलिस भी छुड़ाती रही लेकिन नहीं माने

गोरखपुर में 5 किलो मछली के लिए आधे घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। दो ग्राहकों में जमकर लात-घूसे चले। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे को गिरा-गिराकर पीटा, कपड़े फाड़ दिए। बीच सड़क हो रही मारपीट को देखने के लिए वाहन चालक गाड़ी खड़ी करके रूक गए। जिससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माने तो दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले गई। बाकी युवक फरार हो गए। मामला शनिवार शाम पीपीगंज बाजार का है। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया गया है। शाम को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मारपीट की 3 तस्वीरें जानिए पूरा घटनाक्रम पीपीगंज में नेपाल जाने वाले रास्ते पर मछली की शॉप है। शनिवार शाम 6 :30 बजे कोल्हूआ का रहने वाला मुकेश कुमार चौहान (33) बाइक से मछली खरीदने पहुंचा। थोड़ी ही देर बाद वहां पर भगवानपुर का रहने वाला रितिक चौहान (23) भी आ गया। दोनों ने 5 किलो मछली का ऑर्डर दिया। दुकानदार के पास रोहू मछली चार किलो ही बची थी। दोनों का कहना था कि पहले उसने मछली पसंद की है। इसलिए मछली उसे ही मिलनी चाहिए। फोन करके साथियों को बुलाया दुकानदार के सामने दोनों के बीच काफी देर तक तू-तू मैं-मैं होता रहा। दुकानदार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वे उसकी बात नहीं माने। दोनों ने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। थोड़ी ही देर बाद 2 बाइक से 5 युवक और आ गए। उन्होंने एक-दूसरे से गाली गलौज शुरू कर दी। शर्ट फाड़े, पेट में लात घुसे मारे एक पक्ष के युवकों ने मछली खरीदने आए दूसरे पक्ष के युवक को धक्का देकर गिरा दिया। उसके शर्ट फाड़ दिए। उसकी पेट और पीठ पर कई बार लात घूसे मारे। इसके बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने भी हमला कर दिया। आधे घंटे तक बीच रोड पर हंगामा होता रहा। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाया। आसपास के लोगों ने पीपीगंज थाना पुलिस को सूचना दी। नेशनल हाइवे पर लगा जाम दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे को जमीन पर घसीटकर मारपीट करते रहे। इससे गोरखपुर से नेपाल जाने वाले नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। लोग गाड़ी खड़े करके तमाशा देखने लगी। किसी ने बीच बचाव करने का प्रयास नहीं किया। थोड़ी ही देर बाद पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। पुलिस को आते देख कुछ युवक भाग गए। पुलिस दोनों पक्षों के 2 युवकों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस बोली- आरोपियों के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा पीपीगंज थाना प्रभारी प्रभुदयाल सिंह ने बताया कि मछली खरीदने को लेकर दो पक्षों में विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दो युवकों मुकेश कुमार चौहान और रितिक चौहान को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद दोनों का शांति भंग में चालान कर दिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। ————————— यह खबर भी पढ़ें- अखिलेश ने खून से लथपथ पति-पत्नी, बेटी को अस्पताल भिजवाया, इटावा जा रहे थे, एक्सीडेंट देखकर काफिला रुकवाया इटावा में अखिलेश यादव ने सड़क पर खून से लथपथ पति-पत्नी और बेटी को देखकर अपनी 50-60 गाड़ियों का काफिला रुकवा दिया। कार से उतरकर उनके पास पहुंचे। उनकी हालत देखी, फिर अपनी फ्लीट में मौजूद एम्बुलेंस से तीनों को सैफई मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यहां पढ़ें पूरी खबर