अम्बेडकरनगर में घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए ई-केवाईसी कराना अब जरूरी कर दिया गया है। जिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें गैस सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है। कई मामलों में तो बिना ई-केवाईसी के सिलेंडर कमर्शियल रेट पर दिए जाने की बात भी सामने आई है। जिले में इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के कुल 4,75,923 कनेक्शन हैं। तय समय 15 अगस्त तक इनमें से 4,24,954 कनेक्शनों की ई-केवाईसी हो चुकी थी। इसके बाद करीब एक महीने में लगभग 45 हजार और कनेक्शनों की ई-केवाईसी कराई गई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कनेक्शनधारकों की यह प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हुई है। तीनों गैस कंपनियों ने ई-केवाईसी के लिए इंतजाम किए हैं, लेकिन उपभोक्ताओं को नेटवर्क की समस्या से परेशान होना पड़ रहा है। विभाग के अनुसार, कई मामलों में नाम दर्ज न होने के कारण भी एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। उपभोक्ता घर बैठे भी अपने मोबाइल फोन से ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए आधार कार्ड और फेस ऑथेंटिकेशन यानी चेहरे का स्कैन करना होगा। इससे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि सरकार के निर्देश पर ई-केवाईसी नहीं कराने पर सिलेंडर नहीं मिलेगा। इसमें किसी को कोई छूट नहीं दी जाएगी। सभी कनेक्शनधारकों को जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी करा लेनी चाहिए।