नगीना सांसद चंद्रशेखर ने मंगलवार दोपहर 1 बजे मऊ में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- आजाद समाज पार्टी अगला विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। दुनिया की कोई ताकत आरक्षण को खत्म नहीं कर सकती। आरक्षण किसी की भीख नहीं, बल्कि अधिकार है। इस दौरान उन्होंने नारा दिया- आरक्षण से लेंगे एसपी-डीएम, वोट से लेंगे सीएम-पीएम। चंद्रशेखर ने युवाओं से कहा कि वह 100 साल तक जीवित नहीं रहेंगे, लेकिन जब तक जीवित रहेंगे शेर की जिंदगी जीएंगे। इस दौरान मधुबन विधानसभा सीट से पार्टी ने सागर यादव को प्रभारी प्रत्याशी बनाया गया। चंद्रशेखर ने युवाओं से 2027 के चुनाव में सागर यादव को जिताने की अपील की। पढ़िए चंद्रशेखर की कही बड़ी बातें 2022 से ही संगठन चुनावी तैयारी में जुटा चंद्रशेखर आजाद ने कहा- पार्टी ने शुरुआती चरण में 45 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी बनाए हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद से ही संगठन लगातार चुनावी तैयारियों में जुटा है। उन्होंने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने नगीना और डुमरियागंज सीट पर चुनाव लड़ा था। नगीना में पार्टी को जीत मिली, जबकि डुमरियागंज में 80 हजार से ज्यादा वोट मिले। इन परिणामों के बाद पार्टी ने अपना संगठन और मजबूत करने पर काम तेज किया है। SC, ST, OBC और अल्पसंख्यकों को नेतृत्व देने का दावा 2027 के चुनाव में पार्टी का प्रयास रहेगा कि कमजोर वर्गों के लोगों को नेतृत्व का मौका मिले। किसी जाति या वर्ग को अवसर से वंचित नहीं रखा जाएगा। सभी वर्गों के लोगों को आगे बढ़ाकर विधानसभा तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, कितनी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, इस सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि इसका फैसला पार्टी स्तर पर होगा। चंद्रशेखर ने मधुबन विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी शिवसागर की जीत का दावा किया। कहा कि वे लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं। लोगों की समस्याओं को लेकर उन्होंने धरना-प्रदर्शन किए हैं। जनता का उनके प्रति भरोसा है। उन्होंने दावा किया कि आजाद समाज पार्टी मधुबन विधानसभा सीट पर अच्छे वोटों से जीत दर्ज करेगी। गोरखपुर को ‘स्पेन’ बताए जाने पर तंज कसा चंद्रशेखर आजाद ने गोरखपुर को लेकर की गई ‘स्पेन’ वाली टिप्पणी पर भी तंज कसा। कहा- पहले हम गोरखपुर में स्पेन के बारे में सुनते थे, लेकिन अब वे कह रहे हैं कि गोरखपुर स्पेन बन गया है। जब मैं यहां आया, तो मुझे लगा कि शायद स्पेन में घुसने के लिए मुझे वीजा की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा- मुझे उत्तर प्रदेश के लोगों की चिंता है, जहां बेरोजगारी की वजह से युवा रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे हैं। पेपर लीक की घटनाएं लगातार हो रही हैं। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों को विरोध-प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। कहा- प्रदेश के कई इलाके आज भी जलभराव और बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं। मधुबन को भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल बाढ़ के नाम पर धनराशि जारी होती है, लेकिन समय रहते पर्याप्त तैयारियां नही की जाती हैं। जनता की समस्याएं ज्यादा जरूरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित AI वीडियो के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि AI के जरिए इस तरह के वीडियो बनाए जा सकते हैं। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप चलते रहते हैं, लेकिन इससे जनता की वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं होगा। हमारी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है। आरक्षण, रोजगार और कानून व्यवस्था यूपी में बड़े मुद्दे चंद्रशेखर ने प्रदेश में आरक्षण, युवाओं की नौकरी और कानून व्यवस्था को बड़े मुद्दे बताया। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए अंकित बालियान की दिनदहाड़े हत्या का जिक्र किया। कहा- अंकित बालियान की हत्या हुई। फिर शूटर्स का एनकाउंटर भी हो गया। 2 शूटर मारे गए हैं। क्या अंकित बालियान की हत्या होनी चाहिए थी? सरकार के पास इसका कोई जवाब है? आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब है। उत्तर प्रदेश को ‘जंगल प्रदेश’ बना दिया गया है। जनता मौजूदा सरकार से परेशान है और 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है। ——————————— क्या बसपा में जेन-जी का नया चेहरा बने युकेश:मायावती ने उमाशंकर के बेटे को फ्रंटलाइन में बैठाया बलिया के रसड़ा से 3 बार बसपा विधायक रहे उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उनकी राजनीतिक विरासत अब बेटे प्रिंस यूकेश सिंह के हाथों में सौंपने की तैयारी साफ दिख रही है। बसपा प्रमुख मायावती ने न सिर्फ उन्हें राजनीतिक रूप से स्थापित करने का संकेत दिया है। बल्कि यूपी पदाधिकारियों की बैठक में पहली बार शामिल हुए युकेश को फ्रंटलाइन में जगह देकर यह भी साबित कर दिया कि पार्टी में उन्हें विशेष तवज्जो मिलेगी। वो सिर्फ उमाशंकर सिंह के उत्तराधिकारी नहीं, पार्टी का युवा चेहरा बनाए जा सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर…