चण्डौस में बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल बर्बाद:एसडीएम बोले- फसल के नुकसान का सर्वे कराया जाएगा

चण्डौस विकास खंड में रविवार को हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। सुबह से शाम तक रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण खेतों में खड़ी और कटी हुई दोनों तरह की फसलें प्रभावित हुई हैं। बारिश और हवाओं के चलते कई स्थानों पर गेहूं की फसल गिर गई है। खेतों में पानी भरने से गेहूं के दाने काले पड़ने की आशंका बढ़ गई है। जिन किसानों ने फसल की कटाई शुरू कर दी थी, उनकी कटी हुई फसल भी भीगकर खराब हो गई है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि उनकी फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने प्रशासन से फसल का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों ने बताया कि खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और लगातार बढ़ती लागत तथा प्राकृतिक आपदाओं के कारण वे पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इस नुकसान की भरपाई बिना सरकारी सहायता के संभव नहीं है। इस संबंध में गभाना के एसडीएम हरीश चंद ने बताया कि शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार फसल के नुकसान का सर्वे कराया जाएगा।