चित्रकूट में बाढ़- 4 घंटे पेड़ पर बैठकर बचाई जान:सड़कें-पुल बहे, तुलसीदास की मूर्ति भी टूटी, जवानों ने गोद में बच्चों को निकाला

यूपी के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की बाढ़ का पानी कम हो गया है, लेकिन मुश्किलें बढ़ गई हैं। घरों में 5-5 फीट तक कीचड़ भर गया है। सड़कें कचरे से पटी हैं। लोग अपने घरों से पानी और कीचड़ निकालने में जुटे हैं। फ्रिज-कूलर में मलबा भर गया है। जगह-जगह टूटे खंभे दिख रहे हैं। रामघाट पर बना पुल टूटकर मंदाकिनी नदी में गिर गया। तुलसीदास की मूर्ति भी टूट गई। कंधे के ऊपर का हिस्सा बह गया। 2 हेलिकॉप्टर और SDRF की टीमों ने 50 लोगों को रेस्क्यू किया। गोबरिया गांव में करीब 4 घंटे पीपल के पेड़ पर बैठे रहे 12 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। SDRF ने घर में फंसे बच्चों को गोद में उठाकर बाहर निकाला। लगातार बारिश और मध्य प्रदेश के बरगी डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से चित्रकूट में हालात बिगड़े थे। नदी में 30 फीट का उफान आया था। एक मंजिल तक घर डूब गए थे। लोग छतों पर शिफ्ट हो गए थे। इधर, प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार तड़के 3:45 बजे गंगा मां ने लेटे हनुमान जी को स्नान कराया। गर्भगृह में गंगा का पानी पहुंचते ही मंदिर में पूजा-अर्चना शुरू हो गई। ढोल-नगाड़ों के बीच गंगा मां के आगमन की भव्य आरती की गई। वाराणसी में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। छतों-गलियों में अंतिम संस्कार हो रहे हैं। सभी 84 घाट डूबे हुए हैं। राम मंदिर के सामने हल्की बूंदाबांदी के बीच मोर नाचता हुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। रविवार को प्रदेश के 42 जिलों में बारिश हुई। प्रयागराज में दोपहर 2 बजे एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई। लखनऊ और आसपास के 10 जिलों में सुबह बादल छाए रहे। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को 58 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें प्रयागराज-वाराणसी समेत 18 जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर मानूसनी सिस्टम आगे बढ़ गया है। इससे बारिश की गतिविधियों में 31 अगस्त तक कमी आएगी। इसके बाद नए विक्षोभ के असर से सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। सोमवार को कहां-कहां बारिश हो सकती है? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…