जन्मदिन पार्टी में भाजपा नेता के 2 भाई-भतीजे की हत्या:बुलंदशहर में केक लगाने पर भड़का बर्थडे बॉय, गोलियां बरसाईं

बुलंदशहर में जन्मदिन पार्टी के दौरान शनिवार रात 12 बजे भाजपा नेता के भाई, चचेरे भाई और भतीजे की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, जिम में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। चश्मदीदों ने बताया कि आरोपी बर्थडे बॉय को भाजपा नेता के चचेरे भाई ने चेहरे पर केक लगा दिया। इससे वह भड़क गया। पहले कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ भाजपा नेता के परिवार वालों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। तीनों को गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई।वारदात के बाद आरोपी भाग गए। फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरा मामला खुर्जा के RJS फिटनेस जिम का है। आरोपी जीतू सैनी पूर्व बसपा नगर अध्यक्ष रह चुका है। फायरिंग में मनीष सैनी (30), आकाश सैनी (19) और अमरदीप सैनी (32) की जान गई है। मनीष वार्ड नंबर 24 के भाजपा सभासद संजय सैनी के छोटे भाई थे, जबकि आकाश उनके भतीजे और अमरदीप सैनी उनके चाचा के लड़के थे। वारदात से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए- जानिए पूरा मामला
भाजपा सभासद संजय सैनी ने बताया कि आरोपी जीतू का शनिवार को बर्थडे था। उसने पार्टी में अपने दोस्तों को बुलाया था। मेरे भाई, चचेरे भाई और भतीजे जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए थे, जहां उन पर हमला किया गया। भाई के दोस्त रूपेश ने मुझे फोन करके घटना की सूचना दी। आनन-फानन में मैं मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में पता चला है कि पार्टी के दौरान मेरे चचेरे भाई अमरदीप ने जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया। इस बात को लेकर मामला बढ़ गया और इसके बाद जीतू ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। आरोपी डीवीआर भी अपने साथ लेकर फरार हो गए हैं। वारदात की सूचना मिलते ही एसपी देहात अंतरिक्ष जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया- स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि जिम में कुछ युवक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक का आज जन्मदिन भी था। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में आपसी अनबन और झगड़े के बाद हत्या की बात सामने आई है, लेकिन हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…