जन्माष्टमी पर प्रयागराज-दिल्ली के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन:दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

फिरोजाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के त्योहार पर यात्रियों की भीड़ की आशंका को देखते हुए रेलवे ने एक खास ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह सुपरफास्ट स्पेशल एक्सप्रेस नई दिल्ली और सूबेदारगंज (प्रयागराज) के बीच चलेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी, जिससे दिल्ली, टूंडला, इटावा और प्रयागराज के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि नई दिल्ली-सूबेदारगंज स्पेशल एक्सप्रेस 3, 4 और 5 सितंबर को नई दिल्ली से रात 11 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रात 2 बजकर 18 मिनट पर टूंडला जंक्शन पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद आगे बढ़ेगी। इसके बाद यह इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर होते हुए अगले दिन सुबह पौने 10 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। वापसी में सूबेदारगंज-नई दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस 4, 5 और 6 सितंबर को दोपहर 12:10 बजे सूबेदारगंज से चलेगी। यह शाम 6:55 बजे टूंडला जंक्शन आएगी और दो मिनट रुकने के बाद आगे बढ़ेगी। अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए यह रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे। इनमें एक एसी सेकंड क्लास, तीन एसी थर्ड क्लास, सात स्लीपर क्लास, पांच सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। टूंडला में दोनों दिशाओं में ठहराव से जन्माष्टमी पर दिल्ली और प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को एक और सुविधा मिलेगी।